Last updated: August 11th, 2026 at 09:05 am

पटना: बॉलीवुड अभिनेता सुनील शेट्टी ने बिहार में फिल्म शूटिंग को लेकर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात की। सोमवार, 10 अगस्त 2026 को हुई इस बैठक में बिहार में फिल्म निर्माण, राज्य की नई फिल्म नीति और शूटिंग के लिए संभावित लोकेशंस समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई।
मुलाकात के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बताया कि अभिनेता के साथ कला, सिनेमा और बिहार से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक बातचीत हुई। उन्होंने यह भी कहा कि सुनील शेट्टी ने बिहार में फिल्म निर्माण करने की इच्छा जताई है।
50 से 60 दिनों तक हो सकती है शूटिंग
मीडिया से बातचीत में सुनील शेट्टी ने बताया कि प्रस्तावित फिल्म की शूटिंग अक्टूबर से शुरू करने की योजना है। फिल्म की शूटिंग करीब 50 से 60 दिनों तक बिहार में चल सकती है। उन्होंने कहा कि राज्य में फिल्म शूटिंग के लिए कई खूबसूरत और उपयुक्त लोकेशन मौजूद हैं।
अभिनेता के मुताबिक, फिल्म की टीम अगले सप्ताह बिहार आकर संभावित शूटिंग स्थलों का जायजा लेगी। उन्होंने कहा कि बिहार में आई नई फिल्म नीति भी राज्य को फिल्म निर्माण के लिए आकर्षक डेस्टिनेशन बनाने में मदद कर सकती है।
सीएम से मुलाकात पर बोले सुनील शेट्टी
मुख्यमंत्री के साथ हुई बातचीत को लेकर सुनील शेट्टी ने कहा कि सरकार की ओर से उन्हें काफी सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली है। उनके अनुसार मुख्यमंत्री चाहते हैं कि बिहार में फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ी गतिविधियां बढ़ें और राज्य में ज्यादा से ज्यादा शूटिंग हो।
उन्होंने संकेत दिया कि इस प्रोजेक्ट में उनका प्रोडक्शन पक्ष भी जुड़ा हुआ है और उनके बेटे की भी इसमें भूमिका हो सकती है। हालांकि फिल्म से जुड़ी पूरी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है। सुनील शेट्टी ने कहा कि दर्शकों के लिए कुछ चीजें अभी सरप्राइज के तौर पर रखी जाएंगी।
बिहार की लोकेशन और दर्शकों को लेकर उत्साहित
सुनील शेट्टी ने बिहार को फिल्म निर्माण के लिहाज से संभावनाओं वाला राज्य बताया। उन्होंने कहा कि यहां अलग-अलग तरह की लोकेशन उपलब्ध हैं और बिहार के साथ-साथ आसपास के राज्यों में भी फिल्मों का मजबूत दर्शक वर्ग है।
अभिनेता ने बिहार में अपने अनुभव का जिक्र करते हुए यह भी बताया कि उन्होंने यहां लिट्टी-चोखा का स्वाद लिया है। अब अगर प्रस्तावित फिल्म की शूटिंग बिहार में होती है, तो इससे राज्य में फिल्म पर्यटन और स्थानीय स्तर पर फिल्म से जुड़े रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
![]()
Comments are off for this post.