Last updated: September 5th, 2026 at 12:18 pm

स्वतंत्र भारद्वाज को एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेजे जाने के बाद निशु आजाद के वकील ऋषभ रंजन ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई और कोर्ट में हुई प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। रंजन के मुताबिक, उन्हें इस बात की जानकारी नहीं दी गई कि मामले में कौन-सी नई धाराएं जोड़ी गई हैं या FIR में क्या बदलाव किए गए हैं।
जज के घर पर पेशी को लेकर वकील ने जताई हैरानी
ऋषभ रंजन ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वह और अन्य वकील कोर्ट में सुनवाई शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें जानकारी मिली कि लीगल एड काउंसिल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यवाही में शामिल हुए और आरोपी को जज के आवास पर पेश किया गया।
रंजन ने कहा कि इतने गंभीर मामले में सिर्फ एक दिन की पुलिस कस्टडी मांगी गई, जबकि उन्हें कथित तौर पर आरोपों और FIR में हुए बदलावों की पूरी जानकारी नहीं मिली। उन्होंने दिल्ली पुलिस की ओर से धाराओं को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दिए जाने पर भी सवाल उठाया।
स्वतंत्र भारद्वाज के वकील ने क्या कहा?
स्वतंत्र भारद्वाज की ओर से अधिवक्ता उमेश शर्मा ने बताया कि अदालत ने आरोपी को एक दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा है। उन्होंने कहा कि बचाव पक्ष की टीम आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी कर रही है और वकालतनामा समेत अन्य प्रक्रियाओं पर काम किया जा रहा है।
उमेश शर्मा के मुताबिक, स्वतंत्र का परिवार और उस समय उनके साथ मौजूद रहे लोग वकीलों के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि गिरफ्तारी अचानक होने के कारण कई तरह की स्थिति स्पष्ट नहीं है।
शर्मा ने यह भी कहा कि स्वतंत्र को रात में ले जाया गया और अभी तक उनकी उनसे बातचीत नहीं हो पाई है। एक दिन की रिमांड के बाद उन्हें अगले दिन फिर अदालत में पेश किया जाना है। पेशी किस स्थान पर होगी, यह जांच अधिकारी और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्णय पर निर्भर करेगा।
बुलंदशहर से हुई गिरफ्तारी
स्वतंत्र भारद्वाज को दिल्ली पुलिस ने उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर से गिरफ्तार किया था। आरोप है कि उन्होंने एक पॉडकास्ट में जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान निशु आजाद के पिता पर कथित हमले का जिक्र करते हुए उनका सिर फोड़ने की बात कही थी।
मामला सामने आने के बाद CJP और कांग्रेस की ओर से कार्रवाई की मांग तेज हुई। दोनों पक्षों से जुड़े लोग दिल्ली के संसद मार्ग थाने भी पहुंचे थे। इसके बाद पुलिस की ओर से गिरफ्तारी को लेकर कार्रवाई का भरोसा दिए जाने की बात सामने आई थी।
गिरफ्तारी के बाद स्वतंत्र भारद्वाज को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें एक दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया। अब मामले की जांच के साथ-साथ रिमांड और पुलिस कार्रवाई को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर भी नजर बनी हुई है।
![]()
Comments are off for this post.