Last updated: November 9th, 2026 at 12:51 pm

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘दिमागी नक्सल’ वाले बयान ने बिहार की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। आरजेडी नेता और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए बेरोजगारी, महंगाई, चीन और बिहार में औद्योगिक विकास जैसे मुद्दों पर सवाल उठाए हैं। तेजस्वी ने कहा कि सरकार अगर इन समस्याओं का समाधान कर पाती तो आज सवाल उठाने वालों को ‘दिमागी नक्सल’ कहने की जरूरत नहीं पड़ती।
सोमवार, 9 नवंबर 2026 को मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने कहा कि देश में बेरोजगारी लगातार चिंता का विषय बनी हुई है और महंगाई चार गुना बढ़ गई है। उन्होंने चीन की गतिविधियों का जिक्र करते हुए कहा कि वह लगातार भारतीय क्षेत्र में घुसता जा रहा है। तेजस्वी ने रुपये की कमजोर होती स्थिति पर भी सवाल उठाए।
बिहार में कारखाने क्यों नहीं लगाए गए?
आरजेडी नेता ने बिहार में रोजगार और उद्योगों की कमी का मुद्दा उठाते हुए प्रधानमंत्री से पूछा कि राज्य में अब तक पर्याप्त कारखाने क्यों नहीं लगाए गए? उन्होंने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक चुनौतियों पर सरकार को जवाब देना चाहिए। तेजस्वी के इस बयान को पीएम मोदी की टिप्पणी के खिलाफ राजनीतिक जवाब के तौर पर देखा जा रहा है।
बीजेपी ने कहा- नक्सलवाद खत्म, लेकिन दिमागी नक्सल अब भी मौजूद
दूसरी ओर, बीजेपी प्रवक्ता अजय आलोक ने प्रधानमंत्री के बयान का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद के खात्मे के बाद यह पहली दिवाली है। उनके मुताबिक, जिस तरह भगवान राम के रावण पर विजय के बाद सत्य की वापसी हुई थी, उसी तरह हिंसक नक्सलवाद पर जीत हासिल हुई है। हालांकि, उन्होंने दावा किया कि दिमागी नक्सल अब भी सक्रिय हैं।
अजय आलोक ने आरोप लगाया कि कुछ संगठन, सिविल सोसायटी और अराजक तत्व अलग-अलग तरीकों से उपद्रव फैलाने का काम करते हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों को ही दिमागी नक्सल करार दिया।
पीएम मोदी ने क्या कहा था?
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में कहा था कि जंगलों में हथियार उठाने वाले नक्सलियों का प्रभाव खत्म हुआ है, लेकिन दिमागी नक्सल अब भी कई संगठनों में मौजूद हैं। पीएम के मुताबिक, ऐसे लोग संविधान और लोकतंत्र के खिलाफ लोगों को भड़काने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों में इनकी कथित मौजूदगी का भी जिक्र किया और इन्हें पहचानकर परास्त करने की अपील की।
प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद अब बीजेपी और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। एक तरफ बीजेपी इसे नक्सलवाद के खिलाफ वैचारिक लड़ाई बता रही है, तो दूसरी तरफ तेजस्वी यादव सरकार को बेरोजगारी, महंगाई और विकास के मुद्दों पर घेर रहे हैं।
![]()
Comments are off for this post.