Last updated: November 7th, 2026 at 01:36 pm

बिहार की राजधानी पटना में छोटी दिवाली के दिन जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। दीदारगंज थाना क्षेत्र के हीरानंदपुर गांव में शनिवार दोपहर दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते गोलीबारी में बदल गया। इस दौरान एक ही परिवार के चार लोग गोली लगने से घायल हो गए। दिनदहाड़े हुई फायरिंग के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
मिली जानकारी के मुताबिक, हीरानंदपुर गांव में खेत की ट्रैक्टर से जुताई की जा रही थी। इसी दौरान जमीन के मालिकाना हक को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच तनाव बढ़ गया और एक पक्ष की ओर से गोलीबारी की गई। फायरिंग में भोला कुमार, सुधीर कुमार, कौशल कुमार और द्वारिका प्रसाद घायल हो गए।
घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए चारों घायलों को इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (NMCH) पहुंचाया, जहां सभी का उपचार जारी है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, इस गोलीबारी में तीन लोगों पर फायरिंग करने का आरोप लगाया गया है।
फिलहाल घायलों की स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है। छोटी दिवाली के दिन हुई इस वारदात ने एक बार फिर जमीन विवाद को लेकर होने वाली हिंसक घटनाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
![]()
Comments are off for this post.