Last updated: April 13th, 2026 at 11:10 am

पश्चिम बंगाल के आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस ने अपनी रणनीति में अहम बदलाव किया है। करीब डेढ़ दशक से सत्ता में बनी पार्टी इस बार चुनावी मैदान में स्थानीय समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए उतर रही है।
पार्टी ने हर विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग इश्तेहार तैयार करने का फैसला किया है, जिनमें उस क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और उनके समाधान का वादा शामिल है। इसके साथ ही उम्मीदवारों के चुनाव कार्यालयों के सामने ‘प्रतिज्ञा स्तंभ’ स्थापित किए जा रहे हैं, जहां स्थानीय मुद्दों से जुड़े वादों को सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, राज्य की अधिकांश सीटों पर यह पहल शुरू हो चुकी है और तेजी से लागू की जा रही है। पार्टी का मानना है कि इससे मतदाताओं के बीच भरोसा बढ़ेगा और उम्मीदवारों की जवाबदेही भी स्पष्ट होगी।
इस नई रणनीति के जरिए तृणमूल कांग्रेस जमीनी स्तर पर लोगों से सीधा जुड़ाव बनाने की कोशिश कर रही है। हाल ही में पार्टी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक वीडियो साझा कर इस पहल की झलक भी दिखाई, जिसमें अलग-अलग क्षेत्रों में चल रहे प्रचार और प्रतिज्ञा स्तंभों को दर्शाया गया।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि स्थानीय मुद्दों पर केंद्रित यह रणनीति चुनावी नतीजों पर असर डाल सकती है, खासकर ऐसे समय में जब मतदाता अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान को लेकर ज्यादा सजग और जागरूक हो गए हैं।
![]()
Comments are off for this post.