Last updated: April 15th, 2026 at 12:32 pm

Bengal Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण को लेकर सियासी माहौल गर्म हो चुका है। इस चरण में कुल 1,448 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। चुनाव आयोग के अनुसार, 2,294 नामांकन दाखिल किए गए थे, जिनमें से 2,203 को वैध माना गया, जबकि 75 नामांकन रद्द कर दिए गए। इसके अलावा 16 उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए।
दूसरे चरण में राज्य के सात जिलों की 142 विधानसभा सीटों पर 29 अप्रैल को मतदान होना है। नामांकन प्रक्रिया 2 अप्रैल से शुरू होकर 9 अप्रैल तक चली, जबकि 10 अप्रैल को जांच पूरी की गई और 13 अप्रैल तक नाम वापसी का समय दिया गया।
सबसे ज्यादा चर्चा भवानीपुर विधानसभा सीट की हो रही है, जहां कुल 12 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस सीट पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी के बीच सीधा मुकाबला देखने को मिल रहा है। इसके अलावा वाम दल, कांग्रेस और अन्य छोटे दलों के प्रत्याशी भी चुनाव में अपनी मौजूदगी दर्ज करा रहे हैं।
वहीं, सिंगुर सीट, जो कभी भूमि आंदोलन को लेकर चर्चा में रही थी, वहां 9 उम्मीदवार मैदान में हैं। जादवपुर में 13 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जो कभी वामपंथियों का मजबूत गढ़ माना जाता था।
इसके अलावा पानिहाटी सीट भी इस बार सुर्खियों में है, जहां 11 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। वहीं बैरकपुर सीट पर कुल 9 प्रत्याशी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं।
पहले चरण में 1,478 उम्मीदवार मैदान में थे, और दोनों चरणों को मिलाकर अब कुल 2,926 प्रत्याशी चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा बन चुके हैं। चुनाव आयोग ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए पूरी तैयारी कर ली है।
![]()
Comments are off for this post.