Last updated: July 6th, 2026 at 04:51 am

भोजपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के बिलौटी गांव में पुलिस एनकाउंटर में मारे गए भरत भूषण तिवारी के परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध करा दी गई है। परिवार की ओर से सुरक्षा की मांग किए जाने के बाद जिला पुलिस प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उनके घर पर एक सशस्त्र सुरक्षा गार्ड की तैनाती की है।
मृतक की मां आशा देवी ने पुलिस अधीक्षक को दिए आवेदन में आशंका जताई थी कि कुछ अज्ञात लोग उनके घर के आसपास संदिग्ध गतिविधियां कर रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि रात के समय कई संदिग्ध वाहन घर के आसपास घूमते हैं, जिससे पूरा परिवार भय के माहौल में रह रहा है।
शिकायत मिलने के बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ। जगदीशपुर के प्रभारी डीएसपी पंकज कुमार मिश्रा और शाहपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने बिलौटी गांव पहुंचकर परिवार से मुलाकात की और उनकी शिकायतों की जानकारी ली।
मुलाकात के दौरान परिवार के सदस्यों ने अधिकारियों को अपने मोबाइल फोन में मौजूद कुछ तस्वीरें भी दिखाईं। पुलिस ने इन तस्वीरों के आधार पर प्रारंभिक जानकारी जुटाई और मामले की जांच शुरू कर दी।
पूछताछ के बाद आशा देवी ने परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए औपचारिक आवेदन सौंपा। इसके बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर परिवार की सुरक्षा के लिए सशस्त्र गार्ड की तैनाती कर दी गई।
पुलिस का कहना है कि मामले पर लगातार नजर रखी जा रही है और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। साथ ही, शिकायत में लगाए गए आरोपों की भी जांच जारी है।
![]()
Comments are off for this post.