Human Live Media

HomeNewsLNJP अस्पताल का औचक निरीक्षण: ड्यूटी से नदारद डॉक्टर पर भड़के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, बुजुर्ग मरीज की शिकायत पर तुरंत कराया X-Ray

LNJP अस्पताल का औचक निरीक्षण: ड्यूटी से नदारद डॉक्टर पर भड़के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार, बुजुर्ग मरीज की शिकायत पर तुरंत कराया X-Ray

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मंगलवार को पटना स्थित लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य
1200-675-26470359-thumbnail-16×9-nishant-kumar

बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार ने मंगलवार को पटना स्थित लोकनायक जयप्रकाश (LNJP) अस्पताल का औचक निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत परखी। निरीक्षण के दौरान अस्पताल की कई व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई, जहां एक डॉक्टर ड्यूटी समय पर अनुपस्थित मिले। इस पर मंत्री ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Table of Contents

    जानकारी के अनुसार संबंधित डॉक्टर की ड्यूटी दोपहर 2 बजे से निर्धारित थी, लेकिन करीब 3 बजे तक वे अस्पताल नहीं पहुंचे थे। अधिकारियों द्वारा संपर्क करने पर डॉक्टर ने अस्पताल पहुंचने में और समय लगने की बात कही। इस पर स्वास्थ्य मंत्री ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचने का निर्देश देते हुए देरी का कारण पूछा और मामले को गंभीरता से लेने को कहा।

    बुजुर्ग महिला की शिकायत पर तुरंत मिला समाधान

    निरीक्षण के दौरान एक बुजुर्ग महिला ने स्वास्थ्य मंत्री से अपनी परेशानी साझा की। महिला ने बताया कि वह पिछले दिन से एक्स-रे जांच के लिए अस्पताल के चक्कर लगा रही हैं, लेकिन अब तक जांच नहीं हो सकी। शिकायत मिलते ही मंत्री ने अधिकारियों को तत्काल निर्देश दिए और महिला का एक्स-रे जल्द कराने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई।

    सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं पर दिया विशेष जोर

    अस्पताल का निरीक्षण करते समय स्वास्थ्य मंत्री को कई जगह सफाई व्यवस्था में खामियां भी दिखाई दीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही पैथोलॉजी विभाग को 24 घंटे संचालित रखने और मरीजों को समय पर जांच सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

    इसके अलावा मंत्री ने अस्पताल में उपलब्ध एमआरआई, सीटी स्कैन और अन्य चिकित्सा उपकरणों की कार्यस्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

    गौरतलब है कि इससे पहले स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार PMCH का भी औचक निरीक्षण कर चुके हैं। उस दौरान ड्यूटी के समय अस्पताल के प्रभारी प्राचार्य अनुपस्थित पाए गए थे। जांच में बिना अनुमति अवकाश लेकर निजी क्लीनिक में मौजूद रहने की पुष्टि होने के बाद उन्हें अतिरिक्त प्रभार से हटा दिया गया था।

    अब LNJP अस्पताल में भी ड्यूटी से डॉक्टर के अनुपस्थित मिलने के बाद यह माना जा रहा है कि स्वास्थ्य विभाग सरकारी अस्पतालों में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी बनाए हुए है। मंत्री ने दोहराया कि राज्य के सभी सरकारी अस्पतालों में नियमित निरीक्षण जारी रहेगा और लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

    Loading

    Comments are off for this post.