Last updated: July 9th, 2026 at 06:28 am

प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित धनशोधन (Money Laundering) मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पार्टी के तीन बैंक खातों से जुड़े लेन-देन पर रोक लगा दी है। इन खातों में करीब 440.42 करोड़ रुपये जमा बताए जा रहे हैं। एजेंसी ने यह कदम धनशोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत उठाया है। हालांकि, इस कार्रवाई पर टीएमसी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
ईडी के अनुसार, हाल ही में कोलकाता में कई स्थानों पर छापेमारी की गई थी। जांच के दौरान केयरवेल ग्रुप ऑफ कंपनीज और उससे जुड़ी कंपनियों के वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की गई। शुरुआती जांच में एजेंसी को संदेह है कि अप्रैल 2023 से जून 2026 के बीच टीएमसी के कुछ बैंक खातों से बड़ी रकम केयरवेल एविएशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड और उससे संबद्ध कंपनियों को ट्रांसफर की गई।
जांच एजेंसी का दावा है कि इन लेन-देन के जरिए प्राप्त धन का एक हिस्सा विमानन क्षेत्र में इस्तेमाल किया गया। आरोप है कि करीब 112 करोड़ रुपये की राशि से एक Embraer Legacy 600 बिजनेस जेट और एक AgustaWestland 109SP हेलीकॉप्टर खरीदा गया, जिन्हें बाद में कथित तौर पर टीएमसी को किराये पर उपलब्ध कराया गया।
ईडी ने बताया कि जांच फिलहाल टीएमसी से जुड़े कम से कम 18 बैंक खातों तक पहुंच चुकी है। इसके साथ ही केयरवेल ट्रैवल्स, विंडबोर्न एविएशन और अनीता टूर्स से जुड़े वित्तीय लेन-देन की भी जांच की जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई एक कथित साइबर फ्रॉड से जुड़ी शिकायत के आधार पर शुरू हुई जांच के बाद की गई। पहले पुलिस ने इस मामले में एफआईआर दर्ज की थी, जिसके बाद ईडी ने PMLA के तहत जांच अपने हाथ में ली। एजेंसी अब पूरे वित्तीय नेटवर्क और संदिग्ध लेन-देन की गहन जांच कर रही है।
![]()
Comments are off for this post.