Last updated: July 9th, 2026 at 06:18 am

कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का प्रस्तावित पटना दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। इसके साथ ही 15 जुलाई को आयोजित होने वाला छात्र सम्मेलन भी फिलहाल नहीं होगा। पार्टी ने कार्यक्रम टालने की वजह बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के चलते लागू आदर्श आचार संहिता को बताया है।
कांग्रेस के अनुसार, बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की प्रक्रिया जारी है, जिसके कारण चुनाव आयोग की आचार संहिता प्रभावी है। ऐसे में किसी बड़े राजनीतिक कार्यक्रम के आयोजन से चुनावी नियमों के उल्लंघन की आशंका को देखते हुए दौरा और सम्मेलन स्थगित करने का निर्णय लिया गया।
बताया जा रहा है कि छात्र सम्मेलन पहले 11 जुलाई को प्रस्तावित था, जिसे बाद में 15 जुलाई तक आगे बढ़ाया गया था। अब इसे अनिश्चितकाल के लिए टाल दिया गया है। पार्टी ने फिलहाल नई तारीख की घोषणा नहीं की है।
सूत्रों के मुताबिक, कार्यक्रम की तैयारियां भी पूरी तरह अंतिम चरण तक नहीं पहुंच सकी थीं। कांग्रेस संगठन को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर NEET से जुड़े छात्रों का व्यापक डाटा तैयार करने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन यह प्रक्रिया समय पर पूरी नहीं हो सकी।
हालांकि, कांग्रेस ने आधिकारिक तौर पर केवल आदर्श आचार संहिता को ही कार्यक्रम स्थगित करने का कारण बताया है। अब उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने के बाद राहुल गांधी के पटना दौरे और छात्र सम्मेलन की नई तारीख घोषित किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
![]()
Comments are off for this post.