Last updated: July 10th, 2026 at 08:25 am

बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी अपनी नई फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ के प्रमोशन के सिलसिले में फिल्म की पूरी स्टारकास्ट के साथ श्रीनगर पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने कश्मीर से अपने पारिवारिक जुड़ाव का जिक्र करते हुए कहा कि यह जगह उनके दिल के बेहद करीब है, क्योंकि यह उनकी ननिहाल है।
श्रीनगर स्थित आईनॉक्स थिएटर में आयोजित प्रमोशनल कार्यक्रम के दौरान हुमा कुरैशी ने कहा कि फिल्म को कश्मीर के दर्शकों से शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है। इसी प्यार और समर्थन के लिए पूरी टीम व्यक्तिगत रूप से लोगों का धन्यवाद करने घाटी पहुंची है।
उन्होंने कहा कि कश्मीर से उनका रिश्ता सिर्फ एक पर्यटन स्थल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह उनकी पारिवारिक यादों से जुड़ा हुआ है। यहां आने पर उन्हें अपने बचपन और परिवार की कई पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं।
हुमा ने बताया कि दर्शकों द्वारा फिल्म को मिल रहा सकारात्मक रिस्पॉन्स पूरी टीम के लिए बेहद उत्साहजनक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले दिनों में भी फिल्म को इसी तरह दर्शकों का प्यार मिलता रहेगा।
फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ का निर्देशन नचिकेत सामंत ने किया है। यह एक क्राइम-कॉमेडी थ्रिलर है, जिसमें हुमा कुरैशी के साथ सिकंदर खेर, चंकी पांडे, सीमा पाहवा समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। 3 जुलाई को रिलीज हुई यह फिल्म देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जा रही है और कई जगहों पर इसे दर्शकों का अच्छा समर्थन मिल रहा है।
![]()
Comments are off for this post.