Last updated: July 14th, 2026 at 05:50 am

बिहार सरकार आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान के उद्देश्य से मंगलवार से ‘सहयोग शिविर’ की शुरुआत करने जा रही है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित इस कार्यक्रम के तहत उन लोगों की शिकायतें सुनेंगे, जो जिला स्तर पर हुए समाधान से संतुष्ट नहीं हैं।
इस पहल के तहत आवेदकों को अपनी समस्या सीधे मुख्यमंत्री के समक्ष रखने का अवसर मिलेगा। शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में तत्काल कार्रवाई और समाधान की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
हर महीने लगेगा सहयोग शिविर
सरकार की ओर से तय कार्यक्रम के अनुसार, सहयोग शिविर प्रत्येक महीने के दूसरे मंगलवार को आयोजित किया जाएगा। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ दोनों उपमुख्यमंत्री और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे, ताकि शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।
ऑनलाइन आवेदन और हेल्पलाइन की सुविधा
सहयोग शिविर में शामिल होने के लिए राज्य सरकार ने सहयोग पोर्टल और 1100 हेल्पलाइन की सुविधा उपलब्ध कराई है। जिन लोगों की शिकायत जिला स्तर पर संतोषजनक ढंग से नहीं सुलझी है, वे पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
ऑनलाइन प्रक्रिया में आवेदकों को अपने पुराने आवेदन का रेफरेंस नंबर और मोबाइल नंबर दर्ज कर ओटीपी के जरिए सत्यापन करना होगा। इसके बाद चयनित आवेदकों को शिविर की तिथि, समय और अन्य आवश्यक जानकारी एसएमएस के माध्यम से भेजी जाएगी।
‘सात निश्चय पार्ट-3 से जुड़ी पहल
बिहार सरकार ने इस कार्यक्रम को ‘सात निश्चय पार्ट-3’ के तहत शुरू किया है। सरकार का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का प्रभावी समाधान करना और सरकार तथा जनता के बीच संवाद को और मजबूत बनाना है।
जनता दरबार की तर्ज पर नई व्यवस्था
यह व्यवस्था पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जनता दरबार कार्यक्रम की तर्ज पर तैयार की गई है। पहले जनता दरबार के माध्यम से नागरिक अपनी शिकायतें सीधे मुख्यमंत्री के सामने रखते थे। अब उसी मॉडल को नए स्वरूप में ‘सहयोग शिविर’ के रूप में शुरू किया गया है।
![]()
Comments are off for this post.