Last updated: September 7th, 2026 at 10:34 am

बिहार में बाढ़ का संकट अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है। गंगा, कोसी, गंडक, बूढ़ी गंडक, पुनपुन और बागमती समेत कई नदियों के बढ़े जलस्तर से राज्य के 12 जिलों के 70 प्रखंडों की 368 पंचायतें प्रभावित हैं। करीब 22.42 लाख लोगों के बाढ़ से प्रभावित होने की जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी लगातार प्रभावित इलाकों का दौरा कर राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं।
हाजीपुर में राहत शिविरों का निरीक्षण
सोमवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी वैशाली और सारण के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे। हाजीपुर के जढूआ में उन्होंने राहत शिविर का निरीक्षण किया और वहां रह रहे लोगों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से भोजन, पेयजल, स्वास्थ्य और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को लेकर फीडबैक लिया।
इसके बाद उन्होंने सामुदायिक रसोई का जायजा लिया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और वितरण व्यवस्था की भी जांच की। राहत शिविर में चल रहे आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचकर मुख्यमंत्री ने बच्चों से बातचीत की।
मृतकों के परिजनों को दी आर्थिक सहायता
बाढ़ के दौरान डूबने से जान गंवाने वाले करीब आधा दर्जन लोगों के आश्रितों को मुख्यमंत्री ने चार-चार लाख रुपये की सहायता राशि के चेक सौंपे। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों के बीच राहत सामग्री भी वितरित की गई।
सोनपुर में बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर खाया खाना
सारण के सोनपुर में मुख्यमंत्री का अलग अंदाज देखने को मिला। यहां उन्होंने बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए संचालित सामुदायिक रसोई का निरीक्षण किया और खुद भी बाढ़ पीड़ितों के साथ बैठकर भोजन किया।
इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय चौधरी भी मौजूद रहे। दोनों नेताओं ने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि राहत शिविरों में रह रहे लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो और भोजन व राहत सामग्री की आपूर्ति में कोई कमी नहीं आनी चाहिए।
गंगा का जलस्तर घटा, अगले 2-3 दिनों में सुधार की उम्मीद
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आपदा की स्थिति में लोगों को कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन राहत की बात है कि गंगा का जलस्तर अब नीचे जा रहा है। उनके मुताबिक गंगा का पानी करीब 17 से 18 सेंटीमीटर कम हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले दो से तीन दिनों में बाढ़ की स्थिति में और सुधार हो सकता है। अधिकारियों को प्रभावित लोगों तक जरूरी सुविधाएं समय पर पहुंचाने और राहत-बचाव अभियान में पूरी गंभीरता बरतने के निर्देश दिए गए हैं।
![]()
Comments are off for this post.