Last updated: September 8th, 2026 at 01:14 pm

हाजीपुर: बिहार के हाजीपुर में महात्मा गांधी सेतु के पास मंगलवार को बाढ़ के पानी में एक नाव हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि तेरसिया दियारा से आ रही नाव गांधी सेतु के पाया नंबर 9 के पास पानी में मौजूद बोल्डर से टकरा गई। टक्कर के बाद नाव का संतुलन बिगड़ा और वह गंगा के पानी में डूब गई।
नाव में करीब 10 लोग थे सवार
स्थानीय लोगों के मुताबिक, हादसे के वक्त नाव पर लगभग 10 लोग सवार थे। नाव के डूबने के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। कुछ लोगों ने तैरकर अपनी जान बचाई, जबकि स्थानीय लोगों ने भी तुरंत राहत और बचाव शुरू कर दिया।
अब तक 7 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, 3 लोगों के लापता होने की बात कही जा रही है।
लापता लोगों की तलाश में जुटे स्थानीय लोग
हादसे की खबर फैलते ही आसपास के लोग बड़ी संख्या में घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोग बाढ़ के पानी में लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। वहीं, प्रशासन को भी घटना की सूचना दी गई है।
SDRF और पुलिस संभालेंगे रेस्क्यू की कमान
घटना की जानकारी मिलने के बाद प्रशासन सक्रिय हो गया है। SDRF की टीम के साथ स्थानीय पुलिस और अधिकारी घटनास्थल की ओर रवाना हुए हैं। टीम के पहुंचने के बाद लापता लोगों की तलाश के लिए व्यवस्थित रेस्क्यू अभियान चलाया जाएगा।
स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि के अनुसार, नाव पर करीब 10 लोग सवार थे, जिनमें से 7 को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और 3 लोग अभी लापता हैं। फिलहाल तेरसिया दियारा और गांधी सेतु के आसपास के इलाके में लोगों की भीड़ जुटी हुई है और लापता लोगों के मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
![]()
Comments are off for this post.