Last updated: September 23rd, 2026 at 10:14 am

ICC की ताजा T20 इंटरनेशनल गेंदबाजी रैंकिंग में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद 736 रेटिंग के साथ दुनिया के नंबर-1 T20 गेंदबाज बन गए हैं। वहीं, लंबे समय से शीर्ष पर रहने वाले अफगानिस्तान के राशिद खान 735 रेटिंग के साथ दूसरे स्थान पर खिसक गए हैं। रैंकिंग में भारतीय गेंदबाजों की स्थिति में भी बदलाव हुआ है। वरुण चक्रवर्ती दो स्थान नीचे जाकर टॉप-5 से बाहर हो गए हैं।
अबरार ने राशिद को पीछे छोड़ा
अबरार अहमद ने अपना आखिरी T20 इंटरनेशनल मुकाबला फरवरी में खेला था। इसके बावजूद ताजा रैंकिंग में उन्हें फायदा मिला है। भारत के खिलाफ तीसरे T20 मुकाबले में राशिद खान का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा था।
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में राशिद ने 4 ओवर में 43 रन दिए। उनकी इकॉनमी रेट 10.75 रही। इस मैच में भारत ने अफगानिस्तान को 127 रन से हराया था। ताजा रैंकिंग में अबरार 736 रेटिंग के साथ पहले और राशिद 735 रेटिंग के साथ दूसरे नंबर पर हैं।
एडम जाम्पा को फायदा, आदिल राशिद चौथे नंबर पर
ऑस्ट्रेलिया के स्पिनर एडम जाम्पा को भी रैंकिंग में एक स्थान का फायदा हुआ है। वह 700 रेटिंग के साथ तीसरे पायदान पर पहुंच गए हैं।
वहीं इंग्लैंड के आदिल राशिद को एक स्थान का नुकसान हुआ है। 695 रेटिंग के साथ वह अब चौथे नंबर पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के नेथन एलिस 675 रेटिंग के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गए हैं।
वरुण चक्रवर्ती टॉप-5 से बाहर
भारतीय स्पिनर वरुण चक्रवर्ती को ताजा रैंकिंग में दो स्थान का नुकसान हुआ है। वह टॉप-5 से बाहर होकर सातवें नंबर पर पहुंच गए हैं। इस सूची में वरुण अब भी भारत के सबसे ऊंची रेटिंग वाले गेंदबाज हैं। वरुण चोट के कारण अफगानिस्तान के खिलाफ तीसरे T20 मुकाबले में नहीं खेल पाए थे।
जेमी ओवरटन की 47 पायदान की छलांग
इंग्लैंड के जेमी ओवरटन ने रैंकिंग में सबसे बड़ी छलांग लगाई है। उन्होंने 47 स्थान ऊपर जाते हुए 674 रेटिंग के साथ छठा स्थान हासिल किया है। वहीं भारतीय ऑलराउंडर अक्षर पटेल भी 12 पायदान ऊपर चढ़े हैं। वह 639 रेटिंग के साथ अब 15वें स्थान पर पहुंच गए हैं।
![]()
Comments are off for this post.