Last updated: September 26th, 2026 at 10:48 am

बिहार में लगातार हो रही बारिश और नेपाल के तराई क्षेत्र में भारी वर्षा को देखते हुए राज्य सरकार ने कई जिलों में सतर्कता बढ़ा दी है। गंडक, बागमती और कोसी नदी तंत्र से जुड़े संवेदनशील इलाकों में प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने और संभावित स्थिति से निपटने की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम विभाग ने भी 26 सितंबर को बिहार में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मुख्य सचिव की अध्यक्षता में हाईलेवल बैठक
स्थिति की समीक्षा के लिए आपदा प्रबंधन विभाग में मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक हुई। इसमें आपदा प्रबंधन विभाग के प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल, जल संसाधन विभाग के सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह समेत संबंधित अधिकारी शामिल हुए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, वैशाली, गोपालगंज, सारण, मधुबनी, दरभंगा, समस्तीपुर, मुजफ्फरपुर, सहरसा, सुपौल, मधेपुरा, कटिहार, खगड़िया और बेगूसराय के जिलाधिकारी भी बैठक से जुड़े।
नदियों और तटबंधों पर विशेष नजर
इन जिलों और अन्य संवेदनशील इलाकों में नदी के जलस्तर और प्रवाह की लगातार निगरानी करने को कहा गया है। निचले इलाकों, तटबंधों, नदी किनारे बसे गांवों, पुल-पुलियों और संपर्क मार्गों पर भी प्रशासन को नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।
सरकार के मुताबिक, कोसी नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद कोसी से जुड़े जिलों को एहतियात बरतने के लिए कहा गया है।
NDRF-SDRF अलर्ट, नाव और रेस्क्यू उपकरण तैयार
संभावित बाढ़ या जलभराव की स्थिति से निपटने के लिए NDRF और SDRF को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित जिलों में नाव, लाइफ जैकेट, रेस्क्यू उपकरण और अन्य जरूरी संसाधनों को पर्याप्त संख्या में तैयार रखने को कहा गया है।
संभावित प्रभावित क्षेत्रों में माइकिंग के जरिए लोगों तक Early Warning पहुंचाने और जरूरत पड़ने पर आबादी को समय रहते सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
अफवाहों से बचने की अपील
जिला प्रशासन, पुलिस, जल संसाधन विभाग और आपदा प्रबंधन विभाग समेत सभी संबंधित विभागों के बीच लगातार समन्वय बनाए रखने को कहा गया है। संसाधनों को स्टैंडबाय और एक्टिव मोड में रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर राहत और बचाव अभियान तुरंत शुरू किया जा सके।
मुख्य सचिव ने जिलाधिकारियों से नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस के जरिए जनप्रतिनिधियों और आम लोगों को स्थिति की जानकारी देने को कहा है। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है। आपात स्थिति में आपदा प्रबंधन विभाग के टोल फ्री नंबर 1070 पर संपर्क किया जा सकता है।
![]()
Comments are off for this post.