Last updated: September 28th, 2026 at 11:04 am

बिहार के रोहतास जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर पुलिस की वर्दी पहनकर ट्रक चालकों से कथित तौर पर अवैध वसूली करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के पास से हथियार, कारतूस, मोबाइल फोन, फर्जी नंबर प्लेट और पुलिस से जुड़े कुछ सामान बरामद किए गए हैं।
एक आरोपी दारोगा की वर्दी में मिला
पुलिस के अनुसार, आरोपी NH-19 पर पुलिस और परिवहन विभाग के नाम पर ट्रक चालकों से पैसे वसूल रहे थे। गिरोह में शामिल रजनीश कुमार दारोगा की वर्दी में था, जबकि एक अन्य आरोपी बिहार पुलिस कमांडो की वर्दी पहने हुए था। इनके साथ तीन लोग सामान्य कपड़ों में मौजूद थे।
डीएसपी के मुताबिक, वर्दी में मौजूद रजनीश कुमार ने पूछताछ के दौरान खुद को 2017 बैच का दारोगा बताया। हालांकि, उसके पहनावे और जवाबों पर पुलिस को संदेह हुआ। जब उससे पहचान पत्र मांगा गया तो पुलिस के मुताबिक उसका ID कार्ड फर्जी निकला। इसके बाद पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो देशी कट्टे और चार कारतूस बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के पास से दो देशी कट्टे, चार जिंदा कारतूस और एक काले रंग की नकली पिस्तौल बरामद की है। इसके अलावा पांच एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक चार पहिया वाहन, दो नंबर प्लेट, एक फुल मंकी मास्क और ‘पुलिस’ लिखा एक बोर्ड भी मिला है।
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उन्होंने पहले भी इस तरह की घटनाओं को अंजाम दिया था या नहीं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से इसरार आलम और दिवाकर कुमार सिंह का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है।
पांचों आरोपियों की हुई पहचान
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवसागर थाना क्षेत्र के कोनार गांव निवासी प्रवीण सिंह, करगहर थाना क्षेत्र के बैरी बांध गांव निवासी इसरार आलम, चेनारी थाना क्षेत्र के छितराटांड गांव निवासी रजनीश कुमार, कैमूर जिले के सबार थाना क्षेत्र के अमाव गांव निवासी दिवाकर कुमार सिंह और कुदरा थाना क्षेत्र के बसतलवा गांव निवासी वीरेंद्र कुमार के रूप में की है।
पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के जरिए गिरोह की गतिविधियों और इससे जुड़ी अन्य घटनाओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
![]()
Comments are off for this post.