Last updated: October 31st, 2026 at 06:14 pm

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने वरिष्ठ पत्रकार निधि राजदान से शादी कर ली है। दोनों ने 31 अक्टूबर को सोशल मीडिया पर अपनी शादी की तस्वीरें साझा कर इसकी आधिकारिक घोषणा की। उमर अब्दुल्ला ने तस्वीरों के साथ लिखा, “कल एक नए सफर की शुरुआत हुई।” वहीं, निधि राजदान ने हल्के-फुल्के अंदाज में लिखा, “It’s done bro.”
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, शादी 30 अक्टूबर को हुई। PTI की रिपोर्ट के अनुसार, विवाह नई दिल्ली में विशेष विवाह अधिनियम (Special Marriage Act) के तहत संपन्न हुआ। इस दौरान दोनों परिवारों के सदस्य गवाह के रूप में मौजूद थे। वहीं, कुछ अन्य रिपोर्ट्स में श्रीनगर में भी परिवार के बीच निजी समारोह होने की जानकारी दी गई है।
परिवार के करीबी लोग हुए शामिल
शादी समारोह को निजी रखा गया था। इसमें दोनों परिवारों के सदस्य और करीबी रिश्तेदार शामिल हुए। उमर अब्दुल्ला के पिता और नेशनल कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला, उनकी मां मॉली अब्दुल्ला और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे। निधि राजदान के माता-पिता, वरिष्ठ पत्रकार एमके राजदान और सरला राजदान भी समारोह में शामिल हुए।
सुप्रीम कोर्ट से तलाक के तीन महीने बाद दूसरी शादी
उमर अब्दुल्ला की पहली शादी पायल अब्दुल्ला से 1 सितंबर 1994 को हुई थी। दोनों के दो बेटे हैं। वे साल 2011 से अलग रह रहे थे। लंबे समय से चल रहे वैवाहिक विवाद के बाद 31 जुलाई 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने आपसी सहमति से उनका विवाह समाप्त कर दिया था।
अदालत ने संविधान के अनुच्छेद 142 के तहत दोनों के बीच हुए समझौते के आधार पर तलाक की डिक्री जारी की थी। इसके करीब तीन महीने बाद उमर अब्दुल्ला ने निधि राजदान से शादी की है।
निधि राजदान का भी है दूसरा विवाह
49 वर्षीय निधि राजदान देश की जानी-मानी पत्रकार और पूर्व टीवी एंकर हैं। वहीं, उमर अब्दुल्ला की उम्र 56 साल है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह निधि राजदान का भी दूसरा विवाह है। दोनों ने अपनी शादी की जानकारी खुद सोशल मीडिया पर साझा की है।
![]()
Comments are off for this post.