Last updated: November 1st, 2026 at 01:39 pm

दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की मेगा रैली के बाद बीजेपी ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। बीजेपी सांसद संबित पात्रा ने रैली को समय की बर्बादी बताते हुए इसे फ्लॉप शो करार दिया। उन्होंने राहुल गांधी के भाषण पर पलटवार करते हुए कहा, “ये हिंदुस्तान आपके अब्बूजान का नहीं है, यह हिंदुस्तान के लोगों का है।”
बीजेपी की ओर से रैली के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में संबित पात्रा ने कहा कि पार्टी सुबह से राहुल गांधी का भाषण सुन रही थी, लेकिन उन्हें इसमें कोई नई बात नजर नहीं आई। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी बार-बार 2024 के लोकसभा चुनाव को अवैध बताने और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग दोहरा रहे हैं।
10 लाख लोगों के दावे पर उठाए सवाल
कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और पवन खेड़ा की ओर से रैली में 10 लाख से अधिक लोगों के शामिल होने के दावे पर भी संबित पात्रा ने सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान का बड़ा हिस्सा खाली दिखाई दे रहा था।
पात्रा के मुताबिक, रामलीला मैदान करीब 10 से 12 एकड़ में फैला है। मंच और अन्य व्यवस्थाओं ने लगभग 15 फीसदी जगह घेर रखी थी। उन्होंने दावा किया कि मैदान में 28 हजार कुर्सियां लगाई गई थीं, जिनमें से 5 से 7 हजार कुर्सियां खाली थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने तस्वीरों और वीडियो के जरिए भीड़ को ज्यादा दिखाने की कोशिश की।
‘ट्रिक फोटोग्राफी से कोई प्रधानमंत्री नहीं बनता’
संबित पात्रा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि ट्रिक फोटोग्राफी से किसी को प्रधानमंत्री नहीं बनाया जा सकता। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के लिए मेहनत और जनता का समर्थन जरूरी है। अगर कांग्रेस ने मेहनत की होती तो रामलीला मैदान पूरी तरह भरा होता।
2024 के चुनाव पर राहुल गांधी को घेरा
बीजेपी सांसद ने राहुल गांधी के 2024 के लोकसभा चुनाव को अवैध बताने वाले आरोपों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर चुनाव अवैध था तो चुनाव के तुरंत बाद अदालत में याचिका क्यों नहीं दाखिल की गई। उन्होंने चुनौती देते हुए कहा कि कोई एक ऐसी याचिका दिखाएं, जिसमें 2024 के चुनाव को अवैध घोषित करने की मांग की गई हो।
पात्रा ने तंज कसते हुए कहा कि राहुल गांधी के तर्क के हिसाब से विपक्ष के कई नेताओं की सदस्यता पर भी सवाल खड़े हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव के समय ज्ञानेश कुमार मुख्य चुनाव आयुक्त नहीं थे, ऐसे में उस चुनाव को लेकर उनके खिलाफ आरोपों का आधार क्या है?
‘140 करोड़ लोगों का आशीर्वाद मोदी जी के साथ’
संबित पात्रा ने INDIA गठबंधन की रैली और राहुल गांधी के भाषण पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने से जनता का समर्थन नहीं बदलने वाला है। उन्होंने दावा किया कि 140 करोड़ लोगों का आशीर्वाद प्रधानमंत्री मोदी के साथ है।
उन्होंने रैली में इस्तेमाल किए गए ‘शिव की बारात’ जैसे राजनीतिक संदर्भों पर भी टिप्पणी की और विपक्ष पर देश में अराजकता फैलाने का आरोप लगाया। पात्रा ने कहा कि चुनाव के नतीजे जनता के फैसले को सामने रखेंगे।
![]()
Comments are off for this post.