Last updated: November 5th, 2026 at 02:11 pm

बिहार में राजस्व कर्मचारियों और अमीनों की लंबे समय से जारी हड़ताल पर अब राज्य सरकार ने सख्त रुख अपना लिया है। राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग के मंत्री दिलीप जायसवाल ने हड़ताल कर रहे कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें तत्काल प्रभाव से काम से हटाने का आदेश दिया गया है। इसके साथ ही उनके डोंगल भी वापस ले लिए गए हैं। सरकार ने अब इनकी जगह दूसरे राजस्व कर्मियों के माध्यम से कामकाज संचालित करने की तैयारी की है।
मंत्री दिलीप जायसवाल ने साफ कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल के कारण आम लोगों के काम प्रभावित नहीं होने दिए जाएंगे। सरकार वैकल्पिक व्यवस्था तैयार कर रही है और किसी भी स्थिति में सरकारी कामकाज ठप नहीं होगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की मांगों पर सरकार ने गंभीरता से विचार करने का भरोसा दिया था, लेकिन इसके बावजूद हड़ताल जारी रहने के कारण कार्रवाई का फैसला लेना पड़ा। मंत्री ने यह भी कहा कि कर्मचारियों को विरोध और हड़ताल करने का अधिकार है, लेकिन इसकी वजह से जनता को परेशानी नहीं होनी चाहिए।
वहीं, मुख्यमंत्री की ओर से बुलाई गई NDA की बैठक को लेकर भी दिलीप जायसवाल ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी, लेकिन इसे सामान्य प्रक्रिया का हिस्सा बताया। BJP और JDU के बीच मतभेद की अटकलों को खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि दोनों दलों के बीच सबकुछ ठीक है और गठबंधन पूरी मजबूती के साथ एकजुट है। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोग सरकार बनाने का सपना देख रहे हैं, लेकिन उनके सपनों से NDA की एकजुटता पर कोई असर नहीं पड़ने वाला। उन्होंने गठबंधन के नेताओं की एकजुटता को पांच पांडवों की एकता से जोड़कर अपनी बात रखी।
अग्निवीर योजना को लेकर भी मंत्री ने बयान दिया। केंद्र सरकार की ओर से अग्निवीरों की सेवा अवधि बढ़ाए जाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि अग्निवीर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल है और यह मोदी सरकार की स्पेशल फोर्स है।
इसके अलावा मधुबनी की घटना और इस मामले में तेजस्वी यादव के प्रस्तावित आंदोलन को लेकर भी दिलीप जायसवाल ने विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने तेजस्वी यादव के अनुभव और राजनीतिक समझ पर सवाल उठाते हुए कहा कि किसी भी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने से पहले पूरी जानकारी हासिल करनी चाहिए।
मंत्री ने मधुबनी की घटना में फायरिंग को लेकर कहा कि सरकार ने किसी दरोगा को आम लोगों पर गोली चलाने का आदेश नहीं दिया था। उनके मुताबिक, फायरिंग करने वाला व्यक्ति अपराधी है और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले में सरकार गंभीरता से कदम उठा रही है और ऐसी घटनाओं पर राजनीति करने के बजाय तथ्यों को समझना जरूरी है।
![]()
Comments are off for this post.