Last updated: November 12th, 2026 at 11:56 am

बिहार सरकार की ओर से बेटियों को स्टार्टअप शुरू करने और पीएचडी की पढ़ाई के लिए प्रोत्साहित करने की पहल को लेकर हिंदुस्तानी अवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने खुशी जाहिर की है। उन्होंने इस कदम को महिला सशक्तीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि इससे राज्य की बेटियों को आगे बढ़ने के नए अवसर मिलेंगे।
डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि बिहार की बेटियां अब शिक्षा, विज्ञान, शोध, तकनीक और कारोबार जैसे क्षेत्रों में अपनी अलग पहचान बना रही हैं। ऐसे में उन्हें आर्थिक सहायता और सरकार की ओर से जरूरी प्रोत्साहन मिलना बेहद जरूरी है। इस पहल से उन छात्राओं को भी अपने सपने पूरे करने का मौका मिलेगा, जो आर्थिक परेशानियों के कारण आगे की पढ़ाई या अपना कारोबार शुरू नहीं कर पाती हैं।
मंत्री ने कहा कि महिला सशक्तीकरण का मतलब केवल बेटियों को शिक्षित करना नहीं, बल्कि उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र और रोजगार उपलब्ध कराने में सक्षम बनाना भी है। स्टार्टअप के क्षेत्र में आगे बढ़कर बेटियां न सिर्फ खुद आत्मनिर्भर बन सकती हैं, बल्कि दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा कर सकती हैं।
उन्होंने आगे कहा कि पीएचडी और शोध के लिए मिलने वाला प्रोत्साहन बिहार की छात्राओं को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने में मदद करेगा। इससे राज्य की बेटियां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगी।
संतोष सुमन के मुताबिक, मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार सरकार की ओर से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उठाए जा रहे ऐसे कदम राज्य के सामाजिक और आर्थिक विकास में भी अहम भूमिका निभाएंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस पहल से बिहार की बेटियां शिक्षा और उद्यमिता के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेंगी।
![]()
Comments are off for this post.