Last updated: November 12th, 2026 at 02:49 pm

जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा के नजदीक संदिग्ध ड्रोन मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। सीमा सुरक्षा बल यानी BSF के जवानों ने गुरुवार तड़के तलाशी अभियान के दौरान एक ड्रोन बरामद किया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह ड्रोन पाकिस्तानी मूल का होने की आशंका जताई जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, BSF ने सांबा के सीमावर्ती इलाके में स्थित लालफमकिमा बॉर्डर आउटपोस्ट (BOP) के पास सर्च ऑपरेशन चलाया था। इसी दौरान जवानों को अंतरराष्ट्रीय सीमा से करीब 700 से 800 मीटर अंदर भारतीय क्षेत्र के एक खेत में ड्रोन पड़ा मिला।
बरामद ड्रोन की पहचान DJI मैट्रिस मॉडल के रूप में की गई है। जवानों ने बिना देरी किए ड्रोन को अपने कब्जे में ले लिया है।
अब सुरक्षा एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि ड्रोन भारतीय सीमा में कैसे पहुंचा और इसके पीछे किसका हाथ है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि इसका इस्तेमाल सीमा पार से हथियार या नशीले पदार्थों की तस्करी के लिए किया जाना था या फिर भारतीय क्षेत्र की निगरानी के उद्देश्य से इसे भेजा गया था।
फिलहाल ड्रोन के स्रोत, ऑपरेटर और इसके इस्तेमाल से जुड़ी जानकारी जुटाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही इस मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
![]()
Comments are off for this post.