Last updated: November 20th, 2026 at 06:35 am

सऊदी अरब की राजधानी रियाद में एक बार फिर मिसाइल हमले से दहशत फैल गई है। यमन के हूती विद्रोहियों के हमले के बीच शहर की सबसे ऊंची इमारतों में शामिल 385 मीटर ऊंचे पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड टॉवर को नुकसान पहुंचा है। इस घटना में इमारत की कई मंजिलों की खिड़कियां टूट गईं। हालांकि, राहत की बात यह रही कि किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
सऊदी सिविल डिफेंस के मुताबिक, हमले से सरकारी निवेश कोष के मुख्यालय और आसपास की इमारतों को नुकसान पहुंचा। घटना के बाद किंग अब्दुल्ला फाइनेंशियल डिस्ट्रिक्ट को खाली कराया गया। सुरक्षा के मद्देनजर इलाके के प्रवेश द्वार बंद कर दिए गए और दमकल व एंबुलेंस की टीमें मौके पर पहुंचीं।
इस हमले को लेकर अलग-अलग दावे सामने आए हैं। रॉयटर्स से बातचीत में कुछ सूत्रों ने दावा किया कि हूतियों की मिसाइल सीधे टॉवर से टकराई थी। वहीं, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन का कहना है कि शुरुआती जांच में मिसाइल को हवा में रोकने के बाद उसके मलबे के गिरने से इमारत को नुकसान पहुंचने की बात सामने आई है। हूती विद्रोहियों ने फिलहाल इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
घटना के बाद कतर और जॉर्डन ने सऊदी अरब की नागरिक और आर्थिक संपत्तियों को निशाना बनाए जाने की निंदा की है। वहीं, गल्फ कोऑपरेशन काउंसिल ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से हूती विद्रोहियों के खिलाफ जवाबदेही तय करने की मांग की है। सऊदी विदेश मंत्रालय ने भी अपने क्षेत्र की सुरक्षा के लिए जवाबी कदम उठाने के अधिकार पर जोर दिया है।
गौरतलब है कि जिस टॉवर को नुकसान पहुंचा है, वहां सऊदी अरब का पब्लिक इन्वेस्टमेंट फंड (PIF) स्थित है। यह क्राउन प्रिंस मोहम्मद बिन सलमान की उस महत्वाकांक्षी आर्थिक योजना का अहम हिस्सा है, जिसके जरिए देश की तेल पर निर्भरता कम करने और दूसरे क्षेत्रों में निवेश बढ़ाने की कोशिश की जा रही है। इससे पहले 8 नवंबर को इसी वित्तीय जिले में सऊदी तेल कंपनी अरामको की एक इमारत को भी नुकसान पहुंचा था।
इससे पहले बुधवार को हूती सैन्य प्रवक्ता याह्या सरी ने रियाद के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और वित्तीय जिले की ओर क्रूज मिसाइलें दागने का दावा किया था। दूसरी ओर, सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन ने दो ड्रोन मार गिराने और यमन में हूतियों के मिसाइल ठिकानों व ड्रोन निर्माण केंद्रों पर हवाई कार्रवाई करने की जानकारी दी थी।
यमन में जारी संघर्ष के बीच रियाद पर हुए इन हमलों ने क्षेत्रीय तनाव को और बढ़ा दिया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सऊदी अधिकारी अपने सहयोगियों को संकेत दे चुके हैं कि यमन में सैन्य अभियान अगले छह महीने तक जारी रह सकता है। सऊदी अरब चाहता है कि हूतियों के साथ बातचीत शुरू होने से पहले यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार के समर्थक बल अपने खोए हुए इलाकों पर दोबारा नियंत्रण हासिल करें।
![]()
Comments are off for this post.