Human Live Media

HomeNewsपाकिस्तानी मंत्री के भारत पहुंचते ही सियासी घमासान, सुप्रिया श्रीनेत ने मोदी सरकार को घेरा

पाकिस्तानी मंत्री के भारत पहुंचते ही सियासी घमासान, सुप्रिया श्रीनेत ने मोदी सरकार को घेरा

पाकिस्तान के एक संघीय मंत्री के भारत दौरे को लेकर देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है।
HXiZgi5aQAAAMpN

पाकिस्तान के एक संघीय मंत्री के भारत दौरे को लेकर देश की राजनीति में नया विवाद खड़ा हो गया है। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक 20 नवंबर को नई दिल्ली पहुंचे हैं। उनके भारत आने पर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्र की मोदी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि भारत को लगातार धमकियां देने वाले पाकिस्तानी मंत्री को आखिर देश में आने की अनुमति क्यों दी गई?

Table of Contents

    दरअसल, भारत स्थित पाकिस्तानी हाई कमीशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुसादिक मलिक के दिल्ली पहुंचने की जानकारी साझा की थी। पोस्ट में बताया गया कि हाई कमीशन के प्रभारी साद अहमद वाराइच ने उनका स्वागत किया।

    इसी पोस्ट को रिपोस्ट करते हुए सुप्रिया श्रीनेत ने मोदी सरकार को निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुसादिक मलिक पहले भी भारत को धमकियां दे चुके हैं। उन्होंने हाथ काटने और खून बहाने जैसी बातें कही थीं। सुप्रिया ने पाकिस्तान पर आतंकवाद को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि एक तरफ पाकिस्तान भारत के खिलाफ गतिविधियां जारी रखता है, वहीं दूसरी तरफ उसकी सरकार के मंत्री का स्वागत किया जा रहा है। कांग्रेस प्रवक्ता ने इस मामले पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि उसे शर्म आनी चाहिए।

    तीन दिवसीय SCO कार्यक्रम में शामिल होंगे पाकिस्तानी मंत्री

    मुसादिक मलिक का यह भारत दौरा शंघाई सहयोग संगठन यानी SCO के सभ्यतागत संवाद मंच में भाग लेने के लिए हो रहा है। नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में वह पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे।

    मई 2023 के बाद यह पहला मौका है, जब पाकिस्तान का कोई संघीय मंत्री भारत दौरे पर आया है। ऐसे समय में उनकी यात्रा को कूटनीतिक नजरिए से भी अहम माना जा रहा है, क्योंकि दोनों देशों के बीच लंबे समय से रिश्तों में तनाव बना हुआ है।

    पीएम मोदी करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन

    प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित होने वाले SCO सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कार्यक्रम को संबोधित भी करेंगे। तीन दिनों तक चलने वाले इस आयोजन का उद्देश्य भारत समेत क्षेत्र के देशों की साझा सभ्यतागत विरासत को सामने लाना, आपसी संपर्क बढ़ाना और सांस्कृतिक संवाद को मजबूत करना है।

    फिलहाल, पाकिस्तानी मंत्री की भारत यात्रा को लेकर कांग्रेस और केंद्र सरकार के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब देखना होगा कि इस मुद्दे पर मोदी सरकार की ओर से कांग्रेस के आरोपों का क्या जवाब दिया जाता है।

    Loading

    Comments are off for this post.