Last updated: November 21st, 2026 at 09:49 am

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार के बिहार दौरे में विकास परियोजनाओं के साथ कुछ ऐसे पल भी देखने को मिले, जिन्होंने राजनीतिक गलियारों का ध्यान खींचा। पटना एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रधानमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया। इसके बाद वैशाली की जनसभा के मंच पर पीएम मोदी ने बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को भी गले लगाया। इस मुलाकात की तस्वीरें और वीडियो चर्चा का विषय बन गए हैं।
वैशाली पहुंचने पर प्रधानमंत्री का भव्य स्वागत किया गया। पीएम मोदी खुली जीप में सवार होकर हाथ में गमछा लहराते हुए जनसभा स्थल तक पहुंचे। रास्ते में मौजूद लोगों ने तिरंगा लहराकर उनका अभिवादन किया। पूरा परिसर मोदी-मोदी के नारों से गूंज उठा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भी प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए उनके बिहार आगमन को राज्य के लिए गौरव का अवसर बताया।
नीतीश सेतु का किया लोकार्पण
वैशाली पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर सिक्स लेन पुल का निरीक्षण किया और इसे राष्ट्र को समर्पित किया। पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। करीब 4,280 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 19.7 किलोमीटर लंबी यह परियोजना पटना के कच्ची दरगाह को वैशाली के बिदुपुर से जोड़ती है। इसमें लगभग 9.7 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की संपर्क सड़कें शामिल हैं।
इस पुल के चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है। साथ ही महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर वाहनों का दबाव भी कम हो सकता है। खासकर राघोपुर दियारा के लोगों के लिए यह परियोजना आवागमन की बड़ी सुविधा साबित हो सकती है।
34,470 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
नीतीश सेतु के उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री वैशाली के जाफरपट्टी औद्योगिक क्षेत्र में आयोजित जनसभा में पहुंचे। यहां उन्होंने बिहार के लिए लगभग 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 15,600 करोड़ रुपये से अधिक की पूरी हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन और करीब 14,450 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
इन परियोजनाओं में सड़क निर्माण, बिजली व्यवस्था, शहरी आधारभूत संरचना, जल संसाधन, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवहन से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं। प्रधानमंत्री ने बक्सर ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट क्षमता वाली दूसरी इकाई का भी उद्घाटन किया। इसके अलावा राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास, बिजली वितरण व्यवस्था में सुधार, नहरों और तटबंधों के सुदृढ़ीकरण तथा शहरी जलापूर्ति और सीवरेज से जुड़ी योजनाएं भी इस कार्यक्रम का हिस्सा रहीं।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के 26,900 से अधिक लाभार्थियों के गृह प्रवेश का आयोजन किया गया। वहीं, बिहार में 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाने की पहल भी इस दौरे की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रही।
नीतीश और निशांत के साथ मुलाकात ने खींचा ध्यान
प्रधानमंत्री के इस दौरे में एक तरफ नीतीश कुमार के साथ पटना एयरपोर्ट पर हुई आत्मीय मुलाकात चर्चा में रही, तो दूसरी तरफ वैशाली के मंच पर निशांत कुमार को गले लगाने का दृश्य भी सुर्खियों में आ गया। गौरतलब है कि कच्ची दरगाह-बिदुपुर पुल का नाम नीतीश सेतु रखे जाने पर निशांत कुमार पहले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार जता चुके हैं।
विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ इन मुलाकातों ने भी प्रधानमंत्री के बिहार दौरे को राजनीतिक रूप से खास बना दिया है। हालांकि, इन मुलाकातों को लेकर किसी बड़े राजनीतिक संकेत का निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी।
![]()
Comments are off for this post.