Last updated: November 22nd, 2026 at 07:45 am

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर राजनीतिक दलों के नेताओं ने उन्हें याद किया। 22 नवंबर को उनकी जयंती के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत बीजेपी के कई वरिष्ठ नेताओं ने सोशल मीडिया के जरिए नेताजी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए मुलायम सिंह यादव को विनम्र श्रद्धांजलि दी। उन्होंने अपने संदेश में मुलायम सिंह यादव के पूर्व रक्षा मंत्री, उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और पद्म विभूषण से सम्मानित होने का उल्लेख किया। वहीं, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी उन्हें सादर नमन किया। बीजेपी सांसद जगदंबिका पाल ने भी नेताजी को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी।
बता दें कि मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में हुआ था। उन्होंने साल 1992 में समाजवादी पार्टी की स्थापना की थी। उत्तर प्रदेश की राजनीति में उनकी अलग पहचान रही। वह तीन बार राज्य के मुख्यमंत्री बने और केंद्र की सरकार में रक्षा मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाली।
रक्षा मंत्री रहते हुए उनके कार्यकाल से जुड़ा एक अहम फैसला शहीद सैनिकों के पार्थिव शरीर को पूरे सम्मान के साथ उनके घर तक पहुंचाने की व्यवस्था से जुड़ा है।
मुलायम सिंह यादव का राजनीतिक सफर भी काफी लंबा रहा। वह 10 बार उत्तर प्रदेश विधानसभा के सदस्य चुने गए और सात बार लोकसभा पहुंचे। साल 2019 में उन्होंने मैनपुरी लोकसभा सीट से चुनाव जीतकर संसद में अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी।
उनकी जयंती पर समाजवादी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें याद किया। पूर्व विधायक संतोष पांडे ने कहा कि नेताजी के विचार हमेशा लोगों के बीच जीवित रहेंगे। वहीं, सपा नेता अनिल कुमार यादव ने उन्हें समाजवादी विचारधारा का मजबूत स्तंभ बताया।
गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव का निधन 10 अक्टूबर 2022 को 82 वर्ष की उम्र में हुआ था। उनके राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन में योगदान के लिए उन्हें मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उन्हें यह सम्मान प्रदान किया था।
![]()
Comments are off for this post.