Last updated: November 23rd, 2026 at 10:09 am

भारत और पाकिस्तान के बीच रिश्तों में तनाव के बीच सिंधु जल संधि को लेकर भारत ने एक बार फिर अपना रुख साफ कर दिया है। भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि इस समझौते पर उसके फैसले में कोई बदलाव नहीं हुआ है। खास बात यह है कि भारत का यह बयान ऐसे समय आया है, जब पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मलिक नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के कार्यक्रम में हिस्सा लेने पहुंचे हैं।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि सिंधु जल संधि को लेकर भारत का रुख पहले से ही स्पष्ट है और इसमें किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है। उन्होंने दोहराया कि भारत अपने पुराने फैसले पर कायम है।
दरअसल, पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक शुक्रवार को दिल्ली पहुंचे थे। उन्होंने ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित पहले SCO सभ्यतागत संवाद मंच में भाग लिया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया। भारत की ओर से आयोजित इस बहुपक्षीय सम्मेलन में SCO के विभिन्न सदस्य देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए।
मुसादिक मलिक की भारत यात्रा इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव बढ़ गया था। ऐसे माहौल में किसी पाकिस्तानी मंत्री की भारत में आयोजित अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम में मौजूदगी को अहम घटनाक्रम के तौर पर देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की मौत के बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए थे। इन्हीं फैसलों में सिंधु जल संधि को निलंबित करना भी शामिल था। भारत ने अब साफ कर दिया है कि इस मामले में उसकी नीति में कोई बदलाव नहीं आया है।
वहीं, जब पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक से भारत-पाकिस्तान के संबंध सुधारने में संस्कृति की भूमिका को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच बेहतर रिश्ते बनाने में संस्कृति की अहम भूमिका हो सकती है।
भारत के विदेश मंत्रालय ने भी स्पष्ट किया कि SCO सभ्यतागत संवाद मंच एक बहुपक्षीय कार्यक्रम है। इसमें पाकिस्तान समेत संगठन के सभी सदस्य देशों को आमंत्रित किया गया था। इस सम्मेलन का आयोजन भारत के संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की ओर से किया गया।
अब इस घटनाक्रम के बीच सबसे अहम बात यही है कि एक तरफ भारत अंतरराष्ट्रीय मंच पर पाकिस्तान के साथ बहुपक्षीय कार्यक्रम में भागीदारी कर रहा है, तो दूसरी तरफ सिंधु जल संधि पर अपने सख्त रुख में किसी भी तरह की ढील देने के संकेत नहीं दे रहा है।
![]()
Comments are off for this post.