Last updated: November 23rd, 2026 at 10:10 am

बडगाम। जम्मू-कश्मीर के बडगाम जिले में रविवार को एक रिहायशी मकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग कनिहामा इलाके में स्थित तीन मंजिला पक्के मकान में लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया, जिसके बाद दमकल विभाग को इसकी सूचना दी गई।
जानकारी मिलते ही मगम फायर स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए कुंजर और बडगाम फायर स्टेशनों से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियों को बुलाया गया। इसके बाद कई दमकलकर्मियों ने मिलकर आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत की।
काफी प्रयासों के बाद आग की लपटों को बुझा दिया गया है। हालांकि, एहतियात के तौर पर दमकल विभाग की ओर से कूलिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि मकान में दोबारा आग भड़कने की आशंका को खत्म किया जा सके।
राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है। फिलहाल आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। वहीं, मकान को कितना नुकसान पहुंचा है, इसका भी आकलन किया जा रहा है।
![]()
Comments are off for this post.