Human Live Media

HomeNewsमायावती का अखिलेश यादव पर निशाना, सपा के घोषणापत्र को बताया चुनावी छलावा, PDA पर भी उठाए सवाल

मायावती का अखिलेश यादव पर निशाना, सपा के घोषणापत्र को बताया चुनावी छलावा, PDA पर भी उठाए सवाल

बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (SP) के ‘जन-मन के मेनिफेस्टो’ को लेकर तीखा हमला
images – 2026-11-27T195711.414

बहुजन समाज पार्टी (BSP) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने समाजवादी पार्टी (SP) के ‘जन-मन के मेनिफेस्टो’ को लेकर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के इस घोषणापत्र को खोखले वादों का पुलिंदा बताते हुए जनता से सतर्क रहने की अपील की है। मायावती ने आरोप लगाया कि सपा का यह प्रण-पत्र पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक यानी PDA के हितों की बात तो करता है, लेकिन हकीकत में इन वर्गों के कल्याण के लिए उसकी नीयत साफ नहीं है।

Table of Contents

    मायावती ने सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया में सपा के घोषणापत्र को ‘हवाहवाई’ और ‘चुनावी छलावा’ करार दिया। उन्होंने कहा कि सपा का PDA का नारा भी ‘थोथा चना बाजे घना’ कहावत जैसा है। बसपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की राजनीति गरीबों, दलितों, पिछड़ों और मुस्लिमों के वास्तविक हितों के बजाय जातिवाद और धनबल के इर्द-गिर्द घूमती है।

    उन्होंने हालिया यूपी राज्यसभा चुनाव का जिक्र करते हुए सपा पर निशाना साधा। मायावती के मुताबिक, पार्टी ने PDA को प्राथमिकता देने के बजाय एक बड़े कारोबारी को तरजीह दी। इसी आधार पर उन्होंने सपा के घोषणापत्र को ‘जन-मन’ के बजाय ‘धन-मन वादी’ बताया। साथ ही दावा किया कि आगामी चुनावों में भी सपा अच्छे उम्मीदवारों के बजाय धनवान और बाहुबली चेहरों को प्राथमिकता दे सकती है।

    बसपा सुप्रीमो ने रोजगार और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी अपनी पार्टी का पक्ष रखा। उन्होंने कहा कि ‘हर हाथ को काम’ और कानून के जरिए कानून का राज स्थापित करना बसपा की मूल नीतियां रही हैं। मायावती ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में बसपा की चार सरकारों ने सर्वजन हिताय के सिद्धांत पर काम किया और विरोधी दल इन मुद्दों पर बसपा की बराबरी नहीं कर सकते।

    इसके अलावा मायावती ने सपा के पुराने शासनकाल को याद दिलाते हुए आरक्षण और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण के प्रति नकारात्मक रवैया अपनाया गया और प्रदेश में जातीय तनाव तथा दंगों की स्थिति बनी। उनके अनुसार, ऐसी राजनीति से बेरोजगारी, गरीबी, पिछड़ापन और पलायन जैसी समस्याओं का समाधान संभव नहीं है। मायावती के इस बयान के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में सपा और बसपा के बीच जुबानी जंग और तेज होने के संकेत मिल रहे हैं।

    Loading

    Comments are off for this post.