Last updated: November 27th, 2026 at 03:05 pm

झारखंड के पलामू जिले का एक परिवार इन दिनों अपने बेटे की घर वापसी का इंतजार कर रहा है। रोजगार की तलाश में विदेश गए 23 वर्षीय शशि कुमार पासवान पिछले चार महीने से संयुक्त अरब अमीरात यानी UAE की अबूधाबी जेल में बंद हैं। पति की रिहाई के लिए उनकी पत्नी सुमित्रा देवी लगातार मदद की गुहार लगा रही हैं। अब इस मामले में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से हस्तक्षेप की मांग की गई है।
दरअसल, हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के ददरा गांव के रहने वाले शशि कुमार पासवान वर्ष 2025 में एक कंपनी के अनुबंध पर काम करने दुबई गए थे। इसी बीच उनकी बहन की शादी 26 जून 2026 को तय हुई। शादी में शामिल होने के लिए शशि भारत लौटना चाहते थे। बताया जा रहा है कि इसी सिलसिले में वह एक कथित दलाल के संपर्क में आए और बाद में वहां के कानून से जुड़े एक मामले में फंस गए। इसके बाद दुबई पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर अबूधाबी की जेल भेज दिया।
शशि की रिहाई की उम्मीद लेकर गुरुवार को जेएलकेएम सुप्रीमो और डुमरी विधायक जयराम महतो उनकी पत्नी और परिजनों को लेकर रांची पहुंचे। यहां विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कक्ष में परिवार ने हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान सुमित्रा देवी ने मुख्यमंत्री को अपनी परेशानी बताते हुए पति की सुरक्षित वापसी के लिए मदद मांगी।
मुख्यमंत्री ने परिवार को मामले में सार्थक पहल करने का भरोसा दिया। वहीं, जयराम महतो ने कहा कि शशि की रिहाई के लिए राज्य सरकार के माध्यम से UAE स्थित भारतीय दूतावास से संपर्क किया जाएगा। जरूरत पड़ने पर उन्हें कानूनी सहायता दिलाने की भी कोशिश होगी।
बताया जाता है कि इससे पहले जयराम महतो ने वीडियो कॉल के जरिए शशि के परिवार से बातचीत कर पूरी जानकारी ली थी। उन्होंने परिजनों को मुख्यमंत्री से मिलवाने का आश्वासन दिया था, जिसे गुरुवार को पूरा किया।
फिलहाल मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद परिवार की उम्मीदें बढ़ गई हैं। अब देखना होगा कि सरकार की पहल के बाद UAE की जेल में बंद शशि कुमार पासवान की भारत वापसी का रास्ता कब तक साफ हो पाता है।
![]()
Comments are off for this post.