Last updated: November 1st, 2025 at 01:39 am

रोहतास । कम्प्लेन मॉनिटरिंग-सह- जिला नियंत्रण कक्ष-सह-हेल्पलाइन कोषांग, रोहतास की नोडल पदाधिकारी सुश्री विनिता कुमारी ने जानकारी दी कि गहन पुनरीक्षण अथवा वोटर कार्ड से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत या सहायता के लिए आम नागरिक सरकार द्वारा जारी टोल फ्री नंबर 1950 पर संपर्क कर सकते हैं। यह कोषांग चुनाव कार्य समाप्ति तक 24 घंटे सक्रिय रहेगा।
उन्होंने बताया कि अब तक एनजीएसपी (National Grievance Service Portal) पर वोटर कार्ड से संबंधित कुल 365 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनका निराकरण किया जा चुका है।
नोडल पदाधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 30 सितंबर 2025 को किया गया है। अपने नाम की जांच के लिए मतदाता electoralsearch.eci.gov.in वेबसाइट पर जाकर ईपीआईसी (EPIC) संख्या दर्ज कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि यदि किसी मतदाता के पास मतदाता पहचान पत्र नहीं है, तो वह भारत निर्वाचन आयोग (ECI) द्वारा निर्धारित वैकल्पिक दस्तावेजों के माध्यम से भी मतदान कर सकता है। वहीं, जिन लोगों ने फॉर्म-8 के माध्यम से आवेदन किया है और उन्हें अभी तक मतदाता फोटो पहचान पत्र प्राप्त नहीं हुआ है, उन्हें बताया गया है कि उनका कार्ड प्रक्रिया में है। तब तक वे voters.eci.gov.in पोर्टल से ईपीआईसी कार्ड डाउनलोड कर सकते हैं।
इसके साथ ही सुश्री विनिता कुमारी ने बताया कि इस कोषांग में सी-विजिल (CVIGIL) का कार्य भी संचालित है। आचार संहिता का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरुद्ध आम नागरिक सी-विजिल पोर्टल अथवा मोबाइल ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
![]()
No Comments