Last updated: December 15th, 2025 at 02:18 am

कोचस।
नगर पंचायत वार्ड नंबर 10 क्षेत्र के एक मोहल्ले में करीब छह माह पूर्व बनी गली और नाली पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। नाली टूटने से पानी का लगातार रिसाव हो रहा है, जिससे सड़क दलदलनुमा बन गई है। इस कारण ग्रामीणों, दुकानदारों और खासकर स्कूली बच्चों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि पिएरचंद शाह से काशीनाथ राय तक की गली और नाली की स्थिति बेहद खराब है। मोहल्ले में काशीनाथ राय, सुरेंद्र सिंह, ओम कुमार, गुड्डू केसरी, फूडू केसरी और बृजेश सिंह सहित कई परिवार रहते हैं। नाली पूरी तरह टूट चुकी है और सड़क भी जगह-जगह धंस गई है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नाली निर्माण के दौरान संवेदक ने मानकों की अनदेखी की। मिट्टी भराई के बाद रोलर नहीं चलाया गया, जिससे मिट्टी धंस गई और नाली का पानी बाहर निकलने लगा। भारी वाहनों के परिचालन के बाद पेवर ब्लॉक ईंटें उखड़ गई हैं और कई स्थानों पर गड्ढे बन गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि इस रास्ते से रोज बच्चे विद्यालय जाते हैं और खराब सड़क के कारण वे दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। वहीं दुकानदारों को दुकान खोलने और सामान रखने में भी कठिनाई हो रही है। कई बार भारी वाहन फिसलकर पलट चुके हैं, जिससे मिठाई बनाने वाले कारीगर और बच्चे बाल-बाल बचे।
ग्रामीणों ने इस समस्या को लेकर वार्ड के निर्वाचित जनप्रतिनिधि और स्थानीय अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया है। लोगों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए सरकार द्वारा आवंटित पूरी राशि खर्च नहीं की जाती, जिसके कारण कुछ ही महीनों में सड़क और नाली की यह हालत हो जाती है।
ग्रामीणों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि इस तरह की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। यदि जल्द ही दोषी संवेदक पर कार्रवाई कर गली-नाली की मरम्मत नहीं कराई गई, तो वे जिला स्तर पर शिकायत और आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।
![]()
No Comments