Last updated: December 16th, 2025 at 05:30 am

रोहतास: जिलाधिकारी रोहतास श्रीमती उदिता सिंह के निर्देश पर सोमवार को समाहरणालय परिसर में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया। जिला परिवहन पदाधिकारी श्री राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के तहत परिसर में खड़े कुल 49 वाहनों की जांच की गई।
जांच के दौरान यातायात नियमों के उल्लंघन, अवैध पार्किंग तथा आवश्यक दस्तावेजों के अभाव में 17 वाहन दोषी पाए गए। इन सभी वाहनों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कुल ₹47,500 (सैंतालीस हजार पाँच सौ रुपये) का जुर्माना अधिरोपित किया गया।
इस विशेष अभियान में जिले के सभी मोटरयान निरीक्षक (एमवीआई) उपस्थित रहे। वहीं ओएसडी श्री आशीष रंजन मौके पर मौजूद रहकर जांच अभियान की निगरानी करते रहे।
जिलाधिकारी श्रीमती उदिता सिंह ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के जांच अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि अवैध पार्किंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और सरकारी अधिकारियों के वाहनों सहित सभी वाहनों के वैध दस्तावेजों की अनिवार्य जांच होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
जिला प्रशासन ने आम नागरिकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें तथा सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
![]()
No Comments