Last updated: December 16th, 2025 at 05:38 am

रोहतास जिले में माननीय मुख्यमंत्री द्वारा प्रगति यात्रा के दौरान घोषित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा आज जिलाधिकारी, रोहतास की अध्यक्षता में की गई। समाहरणालय में आयोजित इस समीक्षा बैठक में सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं से जुड़ी प्रत्येक योजना की बिंदुवार समीक्षा की और विभागवार अद्यतन प्रगति की जानकारी प्राप्त की। योजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति, कार्य की गुणवत्ता, समय-सीमा तथा अब तक की उपलब्धियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिलाधिकारी महोदया ने अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री की प्रगति यात्रा के दौरान घोषित सभी योजनाओं एवं विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर हर हाल में पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य आम जनता को बेहतर सुविधाएं और विकास का प्रत्यक्ष लाभ पहुंचाना है, इसलिए कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार्य नहीं होगा।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन योजनाओं में प्रगति अपेक्षाकृत धीमी है, उनके लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर तेजी से कार्य कराया जाए। साथ ही, नियमित मॉनिटरिंग और विभागीय समन्वय के माध्यम से समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को यह भी हिदायत दी कि सभी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराई जाए, ताकि उच्च स्तर पर समीक्षा के दौरान जिले की स्थिति स्पष्ट रूप से प्रस्तुत की जा सके। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
अंत में जिलाधिकारी ने सभी विभागों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं को धरातल पर उतारने और आम जनता तक उसका लाभ शीघ्र पहुंचाने की अपील की।
![]()
No Comments