Last updated: February 3rd, 2026 at 09:06 am
शिमला/देहरादून। मंगलवार सुबह हिमाचल प्रदेश के चौपाल क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चौपाल-नेरवा से पांवटा साहिब की ओर जा रही हिमाचल रोड ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (HRTC) की यात्री बस क्वानू के समीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस भीषण दुर्घटना में बस चालक सहित चार यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
ट्रक को साइड देने के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा मीनस-क्वानू-हरिपुर मार्ग पर सुदोई खड्ड के पास उस समय हुआ, जब सामने से आ रहे एक ट्रक को साइड देने के प्रयास में सड़क का पुश्ता धंस गया। देखते ही देखते यात्रियों से भरी बस कई पलटे खाते हुए सीधे खड्ड में जा समाई। बस में उस समय 30 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं।
सुबह साढ़े छह बजे शुरू हुआ था सफर
बताया जा रहा है कि बस मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे चौपाल डिपो से रवाना हुई थी। नेरवा पहुंचने के बाद यह बस मीनस-क्वानू-हरिपुर रूट से होते हुए पांवटा साहिब जा रही थी। हादसा करीब सुबह 10 बजे के आसपास हुआ।
स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा
दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण सबसे पहले मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। घायलों को खाई से निकालकर नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है—
यास्मीन बेगम (46) पत्नी नेक मोहम्मद, निवासी क्यारला, नेरवा
रिचा (30) पत्नी बिरेंद्र, निवासी विज़मल, नेरवा
धन बहादुर, निवासी क्यारला, नेरवा
दिनेश कुमार (54) पुत्र मोहन सिंह, निवासी चौपाल, शिमला (बस चालक)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी इस हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि क्वानू-मीनस मोटर मार्ग, कालसी क्षेत्र में हुई इस दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और सभी नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। जरूरत पड़ने पर गंभीर घायलों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा संस्थानों में भेजा जाएगा। उन्होंने ईश्वर से यात्रियों की सुरक्षा और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
![]()
Comments are off for this post.