Last updated: February 5th, 2026 at 11:17 am
उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में साहसिक पर्यटन को नई ऊंचाइयां मिलनी शुरू हो गई हैं। कपकोट क्षेत्र के ऐतिहासिक केदारेश्वर मैदान में गुरुवार से राष्ट्रीय पैराग्लाइडिंग एक्यूरसी प्रतियोगिता की शुरुआत हो गई। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के अलग-अलग राज्यों से आए 96 अनुभवी पैराग्लाइडर पायलट हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें भारतीय सेना के प्रशिक्षित पायलट भी शामिल हैं।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी जालेख क्षेत्र से उड़ान भरकर केदारेश्वर मैदान में तय किए गए लक्ष्य बिंदु पर सटीक लैंडिंग कर रहे हैं। इस प्रक्रिया में पायलटों की तकनीकी दक्षता, संतुलन और साहस का बारीकी से मूल्यांकन किया जा रहा है। आसमान में रंग-बिरंगे पैराग्लाइडर दर्शकों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुआ शुभारंभ
प्रतियोगिता का उद्घाटन दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने किया। इस अवसर पर विधायक सुरेश गढ़िया, विधायक पार्वती दास, जिलाधिकारी आकांक्षा कोडे, जिला पंचायत अध्यक्ष शोभा आर्या सहित कई जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि ऐसे आयोजन क्षेत्र में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ युवाओं के लिए नए अवसर भी पैदा करेंगे।
सुरक्षा और व्यवस्थाओं पर विशेष ध्यान
आयोजन स्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। उड़ान और लैंडिंग पॉइंट पर विशेषज्ञ तकनीकी टीम, मेडिकल स्टाफ, अग्निशमन दल और प्रशिक्षित स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। दर्शकों के लिए बैठने और प्रतियोगिता देखने की समुचित व्यवस्था भी की गई है।
विजेताओं के लिए आकर्षक पुरस्कार
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले पायलटों को नकद पुरस्कार दिए जाएंगे। प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को एक लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर 50 हजार रुपये और तृतीय स्थान पर 30 हजार रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा।
साहसिक पर्यटन के लिए मील का पत्थर
यह आयोजन पर्यटन विभाग और फ्लाई हिमालयाज एडवेंचर संस्था के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। दर्जा राज्यमंत्री शिव सिंह बिष्ट ने इसे क्षेत्रीय विकास और पर्यटन विस्तार की दिशा में अहम कदम बताया। वहीं विधायक सुरेश गढ़िया ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं स्थानीय युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराएंगी तथा बागेश्वर-कपकोट को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाएंगी।
जिलाधिकारी आकांक्षा कोडे ने भविष्य में इस प्रतियोगिता को और बड़े स्तर पर आयोजित करने की संभावनाओं पर भी बात कही। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रभा गढ़िया, सीडीओ आरसी तिवारी, नगर पंचायत अध्यक्ष गीता ऐठानी, कपकोट एसडीएम अनिल चन्याल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
![]()
Comments are off for this post.