Last updated: May 23rd, 2026 at 04:47 am

सोशल मीडिया पर तेजी से लोकप्रिय हो रहे व्यंग्यात्मक डिजिटल मंच ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने इन दिनों राजनीतिक और सामाजिक हलकों में खास चर्चा बटोर ली है। इस प्लेटफॉर्म के संस्थापक अभिजीत दिपके की बढ़ती पहचान अब उनके परिवार के लिए चिंता का कारण बन गई है।
महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजी नगर निवासी अभिजीत दिपके फिलहाल बोस्टन यूनिवर्सिटी में पढ़ाई कर रहे हैं। उन्होंने महज एक सप्ताह पहले सोशल मीडिया पर ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत की थी। बेहद कम समय में इस प्लेटफॉर्म ने इंस्टाग्राम पर करोड़ों फॉलोअर्स जुटा लिए, जिसके बाद यह इंटरनेट पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया।
अभिजीत के माता-पिता भगवान और अनीता दिपके ने एक मराठी न्यूज चैनल से बातचीत में कहा कि वे अपने बेटे के राजनीति से जुड़े इस तरह के कदम को लेकर काफी चिंतित हैं। उनका कहना है कि मौजूदा माहौल में सोशल मीडिया पर राजनीतिक व्यंग्य करने वालों को कई बार मुश्किलों का सामना करना पड़ता है और उन्हें डर है कि कहीं उनका बेटा किसी कानूनी परेशानी में न फंस जाए।
दरअसल, ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत उस विवाद के बाद हुई थी, जब भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गई थी। इसी संदर्भ को आधार बनाकर CJP ने अपने व्यंग्यात्मक कंटेंट और मीम्स के जरिए युवाओं से जुड़े मुद्दों को उठाना शुरू किया।
प्लेटफॉर्म पर बेरोजगारी, परीक्षा पेपर लीक, शिक्षा व्यवस्था और युवाओं की समस्याओं को मीम्स, एनिमेशन और डिजिटल कैंपेन के जरिए पेश किया जाता है। यही वजह है कि युवाओं के बीच यह तेजी से लोकप्रिय हो रहा है।
अभिजीत की मां अनीता दिपके ने कहा कि वह चाहती हैं कि उनका बेटा राजनीति से दूरी बनाकर सुरक्षित भविष्य पर ध्यान दे। वहीं उनके पिता ने कहा कि सोशल मीडिया पर अचानक मिली प्रसिद्धि ने उनकी चिंता और बढ़ा दी है, क्योंकि वह नहीं चाहते कि उनका बेटा किसी विवाद या कानूनी मामले में फंसे।
![]()
Comments are off for this post.