Last updated: June 16th, 2026 at 11:51 am

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने शिक्षकों के ट्रांसफर और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा बयान दिया है। कैमूर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार शिक्षकों को उनके घर के नजदीक स्थानांतरित करने की व्यवस्था कर सकती है, लेकिन इसके बाद किसी भी तरह का बहाना स्वीकार नहीं किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में लगभग 75,000 नए स्कूल खोले जा रहे हैं, जिससे शिक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जा सके। उन्होंने शिक्षकों के स्थानांतरण नीति पर बात करते हुए कहा कि शिक्षकों को उनके गांव या नजदीकी प्रखंड में तैनात करने की व्यवस्था की जा रही है ताकि उन्हें सुविधा मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि महिला शिक्षकों को उनके नजदीकी पंचायतों में पढ़ाने की सुविधा दी जा रही है, जबकि अन्य शिक्षकों को भी उनके आसपास के क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। लेकिन इसके साथ ही उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि “स्थानांतरण तो हो जाएगा, लेकिन पढ़ाना तो आपको ही पड़ेगा।”
मुख्यमंत्री ने शिक्षकों से अपील करते हुए कहा कि उनका मुख्य कार्य बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही या बहानेबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि बिहार के बच्चों को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इस बयान के बाद शिक्षा विभाग की नई नीतियों और ट्रांसफर व्यवस्था को लेकर चर्चा तेज हो गई है, वहीं शिक्षकों में भी इसे लेकर प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
![]()
Comments are off for this post.