Human Live Media

HomeNewsतमिलनाडु में सत्ता संग्राम तेज, AIADMK ने विधायकों को पुडुचेरी भेजा; TVK संग बातचीत टूटी

तमिलनाडु में सत्ता संग्राम तेज, AIADMK ने विधायकों को पुडुचेरी भेजा; TVK संग बातचीत टूटी

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में सियासी हलचल और तेज हो गई है। सरकार गठन को लेकर
VIJAY,-AIADMK-AND-DMK-COVER-1778134516522_v

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में सियासी हलचल और तेज हो गई है। सरकार गठन को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अब ‘रिजॉर्ट पॉलिटिक्स’ भी शुरू हो गई है। जानकारी के मुताबिक, AIADMK ने अपने नव निर्वाचित विधायकों को पुडुचेरी भेज दिया है, ताकि किसी संभावित राजनीतिक जोड़-तोड़ से बचा जा सके।

Table of Contents

    पार्टी प्रवक्ता कोवई सत्यन ने पुष्टि करते हुए कहा कि विधायकों को पुडुचेरी में ठहराया गया है। हालांकि उन्होंने यह साफ नहीं किया कि कितने विधायक वहां भेजे गए हैं और इसके पीछे पार्टी की रणनीति क्या है।

    सूत्रों की मानें तो एडप्पादी के. पलानीस्वामी के नेतृत्व वाली AIADMK, अभिनेता विजय की पार्टी TVK को सरकार बनाने के लिए बिना शर्त समर्थन देने पर विचार कर रही थी। दोनों दलों के बीच पिछले कुछ दिनों से बातचीत भी जारी थी, क्योंकि TVK बहुमत के आंकड़े से थोड़ा पीछे रह गई थी।

    बताया जा रहा है कि मंगलवार से शुरू हुई यह बातचीत बुधवार दोपहर तक चली, लेकिन TVK की ओर से कोई स्पष्ट जवाब नहीं मिलने के बाद AIADMK ने अपना समर्थन प्रस्ताव वापस लेने का फैसला कर लिया। पार्टी नेताओं ने यह भी साफ कर दिया कि DMK के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना नहीं है।

    AIADMK के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि पार्टी ने स्थिर सरकार के लिए सहयोग की पेशकश की थी, लेकिन जवाब न मिलने को उन्होंने अपमानजनक माना। इसके बाद पार्टी ने अपने विधायकों को एकजुट रखने और राजनीतिक स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए उन्हें पुडुचेरी भेजने का निर्णय लिया।

    वहीं दूसरी ओर TVK अभी भी छोटी पार्टियों और निर्दलीय विधायकों के संपर्क में बनी हुई है। कांग्रेस पहले ही TVK को समर्थन देने का संकेत दे चुकी है। हालांकि कांग्रेस ने यह भी कहा है कि पार्टी को सांप्रदायिक ताकतों से दूरी बनाए रखनी चाहिए।

    तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में TVK सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। पार्टी ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की है। इसके अलावा DMK को 59 और AIADMK को 47 सीटें मिली हैं। कांग्रेस ने 5 सीटों पर जीत हासिल की, जबकि PMK को 4 सीटें मिलीं। अन्य दलों में IUML, CPI, CPM और VCK को दो-दो सीटें मिली हैं।

    राजनीतिक जानकारों का मानना है कि आने वाले दिनों में तमिलनाडु की राजनीति में बड़े घटनाक्रम देखने को मिल सकते हैं, क्योंकि किसी भी दल को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला है और सत्ता की तस्वीर अभी पूरी तरह साफ नहीं हुई है।

    Loading

    Comments are off for this post.