Last updated: October 4th, 2026 at 11:40 am

भारतीय पहलवान अमन सहरावत ने 2026 एशियन गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए पुरुषों के 57 किलोग्राम वर्ग का गोल्ड मेडल जीत लिया। फाइनल में उन्होंने नॉर्थ कोरिया के वर्ल्ड नंबर-1 पहलवान चोंग सोंग को 11-7 से हराया। इस जीत के साथ अमन ने भारत की झोली में एशियन गेम्स का 20वां गोल्ड डाल दिया।
आखिरी मिनट में पलटा पूरा मुकाबला
फाइनल मुकाबला शुरुआत से ही रोमांचक रहा। छह मिनट के मुकाबले में तीन-तीन मिनट के दो राउंड होते हैं। अमन ने शुरुआत में 2-0 की बढ़त बनाई और पहले तीन मिनट के बाद भी वह अपने प्रतिद्वंद्वी से आगे थे।
इसके बाद चोंग सोंग ने जोरदार वापसी की। मुकाबले के चौथे और पांचवें मिनट में नॉर्थ कोरियाई पहलवान ने दबदबा बनाया और अमन पर 7-6 की बढ़त हासिल कर ली। अमन थके हुए नजर आ रहे थे और मुकाबले का रुख चोंग सोंग के पक्ष में जाता दिख रहा था। लेकिन आखिरी एक मिनट में भारतीय पहलवान ने पूरा मैच पलट दिया।
चोंग सोंग के अटैक को अमन ने बनाया हथियार
चोंग सोंग ने टेकडाउन की कोशिश की, लेकिन अमन ने उसी समय शानदार काउंटर अटैक किया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को मैट पर गिराकर महत्वपूर्ण अंक हासिल किए और बढ़त अपने पक्ष में कर ली।
इस दौरान नॉर्थ कोरियाई टीम ने रेफरी के फैसले को चुनौती भी दी, लेकिन चुनौती उनके पक्ष में नहीं गई। इसके बाद अमन ने अपनी बढ़त बनाए रखी और मुकाबला 11-7 से जीतकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।
2022 में ब्रॉन्ज, अब एशियन गेम्स चैंपियन
अमन सहरावत का यह एशियन गेम्स में पहला गोल्ड मेडल है। इससे पहले 2022 के एशियाई खेलों में उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा था। इस बार उन्होंने फाइनल में वर्ल्ड नंबर-1 पहलवान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यह 2026 एशियन गेम्स में कुश्ती में भारत का दूसरा गोल्ड मेडल भी है।
भारत के 82 पदक पूरे
अमन सहरावत के गोल्ड के साथ 2026 एशियन गेम्स में भारत के कुल पदकों की संख्या 82 हो गई है। भारत के खाते में अब 20 गोल्ड, 26 सिल्वर और 36 ब्रॉन्ज मेडल हैं। मेडल टेबल में भारत फिलहाल पांचवें स्थान पर है।
![]()
Comments are off for this post.