Last updated: November 12th, 2026 at 02:22 pm

दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की सुरक्षा को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। केजरीवाल और उनकी बेटी हर्षिता केजरीवाल को जान से मारने की धमकी दी गई है। धमकी देने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताते हुए 7 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी है। साथ ही रकम नहीं देने पर दोनों की हत्या करने की चेतावनी दी गई है।
दरअसल, यह धमकी आम आदमी पार्टी के तिलक नगर से विधायक जरनैल सिंह को फोन कॉल और व्हाट्सऐप मैसेज के जरिए मिली। आरोपी ने विधायक से कहा कि वह यह संदेश अरविंद केजरीवाल तक पहुंचा दें। इसके बाद जरनैल सिंह ने 6 नवंबर को मोहाली के एसएसपी के पास शिकायत दर्ज कराई।
विधायक के मुताबिक, उनके मोबाइल पर एक अनजान नंबर से फोन आया था। कुछ समय बाद उसी नंबर से व्हाट्सऐप पर भी धमकी भरे संदेश भेजे गए। आरोपी के प्रोफाइल पर ‘एच’ नाम दिखाई दे रहा था। फोन करने वाले ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया और 7 करोड़ रुपये की मांग की।
मामले की शिकायत मिलने के बाद मोहाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। जांच की जिम्मेदारी साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन के इंस्पेक्टर सुनील कुमार को सौंपी गई है। पुलिस कॉल डिटेल रिकॉर्ड, आईपी लॉग और मोबाइल लोकेशन की मदद से आरोपी तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।
शुरुआती जानकारी में आरोपी के हरियाणा के रोहतक का रहने वाला होने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस की ओर से अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। वहीं, विधायक जरनैल सिंह ने अरविंद केजरीवाल और उनके परिवार की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है।
गौरतलब है कि इससे पहले मई 2024 में भी अरविंद केजरीवाल को जान से मारने की धमकी मिली थी। उस समय मेट्रो ट्रेन के कोच में धमकी भरे संदेश लिखे गए थे। फिलहाल, मोहाली पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
![]()
Comments are off for this post.