Last updated: July 14th, 2026 at 06:00 am

बिहार की चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के उम्मीदवार नीरज कुमार सिन्हा ने नामांकन के साथ अपना चुनावी हलफनामा भी दाखिल कर दिया है। शपथपत्र में उन्होंने अपनी आय, चल-अचल संपत्ति, शैक्षणिक योग्यता और अन्य वित्तीय जानकारियों का विवरण चुनाव आयोग को सौंपा है।
हलफनामे के अनुसार, 32 वर्षीय नीरज कुमार सिन्हा पटना के मीठापुर क्षेत्र के निवासी हैं और उन्होंने अपने पेशे के रूप में सामाजिक कार्यकर्ता एवं व्यापारी का उल्लेख किया है।
चल संपत्ति 12 लाख रुपये से अधिक
दाखिल हलफनामे के मुताबिक नीरज कुमार सिन्हा के पास कुल 12.28 लाख रुपये की चल संपत्ति है। इसमें बैंक खातों में जमा राशि, नकद धनराशि तथा सोने-चांदी के आभूषण शामिल हैं। उन्होंने अपने पास 70 हजार रुपये नकद होने की जानकारी दी है, जबकि विभिन्न बैंक खातों में भी जमा राशि का उल्लेख किया गया है।
अचल संपत्ति में केवल पुश्तैनी कृषि भूमि
नीरज कुमार सिन्हा ने अपने हलफनामे में बताया है कि उनके नाम पर कोई मकान, फ्लैट या निजी वाहन नहीं है। अचल संपत्ति के रूप में उनके हिस्से में केवल नालंदा जिले के रहुई क्षेत्र में स्थित पुश्तैनी कृषि भूमि है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 8 लाख रुपये बताई गई है।
आपराधिक मामला और कर्ज नहीं
हलफनामे के अनुसार, उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है और न ही किसी अदालत ने उन्हें किसी मामले में दोषी ठहराया है। इसके अलावा उनके ऊपर किसी बैंक, वित्तीय संस्था या सरकारी विभाग का कोई बकाया ऋण भी नहीं है।
बिहार से पूरी की पढ़ाई
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो नीरज कुमार सिन्हा ने वर्ष 2012 में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति से मैट्रिक की परीक्षा उत्तीर्ण की। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2024 में मगध महाविद्यालय, सकुराबाद (जहानाबाद) से स्नातक की डिग्री प्राप्त की।
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में दाखिल हलफनामे के बाद नीरज कुमार सिन्हा की घोषित संपत्ति, सादगीपूर्ण प्रोफाइल और बेदाग रिकॉर्ड राजनीतिक हलकों में चर्चा का विषय बन गया है।
![]()
Comments are off for this post.