Last updated: June 5th, 2026 at 03:42 pm

बिहार में होने वाले विधान परिषद (MLC) चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जनता दल यूनाइटेड (JDU) के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी अपने चार उम्मीदवारों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी है। इस सूची में सबसे ज्यादा चर्चा भोजपुरी सिनेमा के चर्चित कलाकार पवन सिंह के नाम को लेकर हो रही है, जिन्हें पार्टी ने बड़ा राजनीतिक मौका दिया है।
BJP की ओर से जारी सूची में पवन सिंह के साथ-साथ पार्टी के अनुभवी नेता संजय मयूख, अनिल कुमार पाठक और शीला पंडित को उम्मीदवार बनाया गया है। इन नामों के सामने आने के बाद राज्य की राजनीति में नए समीकरण बनने की चर्चा तेज हो गई है।
पवन सिंह लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रहे हैं और हाल के वर्षों में उनका नाम लगातार सुर्खियों में रहा है। लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें पश्चिम बंगाल की आसनसोल सीट से उम्मीदवार बनाया गया था, हालांकि बाद में उन्होंने चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया था। इसके बाद उन्होंने बिहार की काराकाट सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ा, जहां मुकाबला काफी रोचक रहा लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
हार के बाद पवन सिंह की राजनीतिक स्थिति को लेकर कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। लेकिन अब BJP ने उन्हें MLC उम्मीदवार बनाकर एक बार फिर सक्रिय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका दे दी है। माना जा रहा है कि यह फैसला पार्टी की सामाजिक और क्षेत्रीय संतुलन साधने की रणनीति का हिस्सा है।
वहीं, अन्य उम्मीदवारों की बात करें तो संजय मयूख लंबे समय से संगठन और मीडिया विभाग में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं और वे पहले भी विधान परिषद सदस्य रह चुके हैं। अनिल कुमार पाठक पार्टी संगठन में मजबूत पकड़ रखते हैं और क्षेत्रीय स्तर पर उनकी अच्छी पकड़ मानी जाती है। जबकि शीला पंडित सामाजिक क्षेत्र में सक्रिय हैं और विभिन्न आयोगों में अपनी भूमिका निभा चुकी हैं।
BJP की इस सूची के जारी होने के बाद बिहार की राजनीति में चुनावी हलचल और तेज हो गई है और सभी दल अब अपनी-अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप देने में जुट गए हैं।
![]()
Comments are off for this post.