Last updated: June 5th, 2026 at 03:39 pm

पटना, 5 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने देशभर में विशेष अभियान चलाने की घोषणा की है। बिहार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि इस मौके पर पार्टी “12 साल बेमिसाल विश्वास, विकास और जनकल्याण” नाम से व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों का कार्यकाल देश के विकास, जनकल्याण और सुशासन का प्रतीक रहा है। 10 जून को प्रधानमंत्री मोदी एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए लगातार सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने का रिकॉर्ड भी बनाएंगे।
BJP ने जानकारी दी कि यह अभियान 5 जून से 21 जून तक बिहार समेत पूरे देश में चलाया जाएगा। इस दौरान केंद्र सरकार की योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को आम जनता तक पहुंचाने के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर बिहार के 92 हजार से अधिक बूथों पर कार्यकर्ताओं द्वारा वृक्षारोपण किया गया और “एक पेड़ मां के नाम” अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।
प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने बताया कि 8 जून से 14 जून तक विशेष जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ता पद्म पुरस्कार और अन्य सम्मान प्राप्त व्यक्तियों, डॉक्टरों, इंजीनियरों, किसानों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से मिलकर केंद्र सरकार की उपलब्धियों की जानकारी साझा करेंगे।
इसी अवधि में “प्रगति पथ यात्रा” भी आयोजित की जाएगी, जिसके तहत केंद्र और राज्य सरकार की विकास परियोजनाओं का निरीक्षण किया जाएगा और जनता को योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही स्वच्छता अभियान के माध्यम से समाज को जागरूक किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस दौरान मीडिया संवाद कार्यक्रम भी होंगे, जिनमें सांसद, विधायक और मंत्री विभिन्न जिलों में जाकर जनता से संवाद करेंगे।
इसके अलावा 12 जून से 20 जून तक प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में दो दिवसीय जनकल्याण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आयुष्मान भारत, पीएम सूर्य घर योजना, पीएम स्वनिधि, लखपति दीदी जैसी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी और लाभार्थियों के आवेदन भी लिए जाएंगे।
15 जून से 20 जून तक पूरे बिहार में “विकसित भारत संकल्प सम्मेलन” आयोजित किए जाएंगे, जिनमें समाज के विभिन्न वर्गों जैसे शिक्षाविद, डॉक्टर, वकील, उद्यमी, सामाजिक कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। इन आयोजनों में सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की जाएगी और विकास योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही प्रत्येक जिले में प्रदर्शनी और प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए विशेष कार्यशालाएं भी आयोजित होंगी।
अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के साथ होगा, जिसे पूरे राज्य में बड़े स्तर पर मनाया जाएगा। BJP ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास की ओर अग्रसर है और “विकसित भारत” का लक्ष्य जल्द ही साकार होगा।
![]()
Comments are off for this post.