Human Live Media

HomeNewsबंगाल में नई सरकार बनाने की तैयारी तेज, अमित शाह आज कोलकाता में करेंगे बड़ी बैठक

बंगाल में नई सरकार बनाने की तैयारी तेज, अमित शाह आज कोलकाता में करेंगे बड़ी बैठक

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी अब राज्य में नई सरकार के
Amit_Shah_1763118531091_1763118531322

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद भारतीय जनता पार्टी अब राज्य में नई सरकार के गठन की तैयारियों में जुट गई है। पार्टी सूत्रों के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुवार को कोलकाता पहुंचेंगे, जहां वे भाजपा विधायक दल की अहम बैठक में शामिल होंगे। इस बैठक में नए मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है।

Table of Contents

    जानकारी के अनुसार, भाजपा विधायक दल की बैठक 8 मई को आयोजित होगी, जबकि 9 मई को नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जा सकता है। इसी दिन गुरुदेव रवींद्रनाथ टैगोर की जयंती भी है, जिसे भाजपा खास अंदाज में मनाने की तैयारी कर रही है।

    प्रदेश भाजपा नेतृत्व ने सभी जिला और मंडल कार्यालयों में रवींद्र संगीत बजाने का निर्देश दिया है। पार्टी इसे सांस्कृतिक सम्मान और नई शुरुआत के रूप में पेश करना चाहती है।

    मुख्यमंत्री पद की रेस में सबसे आगे शुभेंदु अधिकारी का नाम बताया जा रहा है। उन्होंने इस चुनाव में भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को हराया है, साथ ही नंदीग्राम से भी जीत दर्ज की है। भाजपा के भीतर उन्हें मजबूत दावेदार माना जा रहा है।

    राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा भी तेज है कि भाजपा बंगाल में पहली बार दो उपमुख्यमंत्री बना सकती है। वहीं, वरिष्ठ नेता तापस राय को विधानसभा अध्यक्ष की जिम्मेदारी दिए जाने की संभावना जताई जा रही है।

    नई सरकार के प्रशासनिक ढांचे को लेकर भी तैयारी शुरू हो चुकी है। सूत्रों के अनुसार, विधानसभा की एनेक्स बिल्डिंग को मुख्यमंत्री कार्यालय के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां तेजी से काम चल रहा है और जल्द ही मुख्यमंत्री कक्ष तैयार कर लिया जाएगा।

    इसके अलावा भाजपा सरकार राज्य सचिवालय को फिर से ऐतिहासिक राइटर्स बिल्डिंग में शिफ्ट करने की योजना पर भी काम कर रही है। गौरतलब है कि 2011 में सत्ता में आने के बाद ममता बनर्जी ने सचिवालय को नवान्न स्थानांतरित कर दिया था।

    चुनाव परिणाम आने के बाद राज्य के कई हिस्सों में तनाव और हिंसा की घटनाएं भी सामने आई हैं। पुलिस प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है, जबकि भाजपा नेतृत्व ने कानून-व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर सवाल उठाए हैं।

    Loading

    Comments are off for this post.