Last updated: November 22nd, 2026 at 07:09 am

भगवान श्रीकृष्ण को ‘टेढ़े-मेढ़े’ कहने के बाद चर्चा में आए बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री शनिवार, 21 नवंबर को पहली बार मथुरा पहुंचे। यहां उन्होंने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए और भगवान के जयकारे लगाए। इस दौरान उन्होंने अपने पुराने बयान को लेकर भी प्रतिक्रिया दी और सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों पर निशाना साधा।
मथुरा पहुंचने पर धीरेंद्र शास्त्री ने मुस्कुराते हुए कहा कि वह अपने प्यारे टेढ़े-मेढ़े ठाकुर जी की नगरी में आए हैं। उन्होंने ब्रजवासियों के प्रति सम्मान जताते हुए उनके चरणों में दंडवत प्रणाम किया। धीरेंद्र शास्त्री समाजसेवी मानसिंह के 99वें जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वृंदावन पहुंचे थे।
ट्रोल करने वालों को धीरेंद्र शास्त्री का जवाब
मथुरा में अपने संबोधन के दौरान धीरेंद्र शास्त्री ने सोशल मीडिया पर उनका विरोध करने वालों को भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि लोगों ने बाबा बागेश्वर का विरोध करने और उनके खिलाफ पोस्ट करने में काफी समय लगाया। अब सवाल यह है कि बांके बिहारी के लिए मैदान में कब उतरेंगे और मथुरा-वृंदावन कब आएंगे? उन्होंने कहा कि कुछ लोग कुछ दिनों के लिए कृष्ण भक्त बन गए थे, लेकिन अब दिखाई नहीं दे रहे हैं। शास्त्री ने विरोध करने वालों के लिए सद्बुद्धि की प्रार्थना करने की बात भी कही।
‘जब तक जिएंगे, ठाकुर जी से ऐसे ही प्यार करेंगे’
शनिवार शाम करीब छह बजे धीरेंद्र शास्त्री ने बांके बिहारी मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने ‘टेढ़े ठाकुर जी की जय’ और ‘टेढ़ी टांग वाले हनुमान जी की जय’ के नारे भी लगवाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि भगवान श्रीकृष्ण के प्रति उनका प्रेम पहले जैसा ही रहेगा। धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि जब तक जीवित रहेंगे, अपने ठाकुर जी को इसी तरह प्यार करते रहेंगे।
2027 चुनाव में भाजपा के प्रचार पर क्या बोले?
उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा के प्रचार करने के आरोपों पर भी धीरेंद्र शास्त्री ने अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि वह एक साधु हैं और उनका राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है। उनका उद्देश्य हनुमान जी, सनातन धर्म और हिंदुत्व का प्रचार करना है। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दलों में हिंदू मौजूद हैं, इसलिए वह किसी एक पार्टी का नहीं, बल्कि हिंदू समाज का प्रचार कर रहे हैं।
हिंदू एकता और कृष्ण जन्मभूमि विवाद पर भी दिया बयान*
धीरेंद्र शास्त्री ने हिंदू एकता पर जोर देते हुए कहा कि हिंदुओं को बंटने और मिटने नहीं दिया जाएगा। उनके मुताबिक, हिंदू एकता का अर्थ जाति-पाति से ऊपर उठकर आपसी भाईचारे के साथ रहना है। उन्होंने कहा कि अब तक गालियां खाई हैं और जरूरत पड़ी तो गोलियां भी खाएंगे, लेकिन हिंदू एकता का अभियान नहीं छोड़ेंगे। इसके साथ ही उन्होंने मथुरा में श्रीकृष्ण जन्मभूमि से जुड़े विवाद का भी जिक्र किया। उन्होंने सनातन धर्म को मानने वाले लोगों से एक साथ बैठकर इस मुद्दे का समाधान निकालने की अपील की।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का मथुरा दौरा और उनके बयान ऐसे समय में सामने आए हैं, जब ‘टेढ़े-मेढ़े ठाकुर जी’ वाली टिप्पणी को लेकर सोशल मीडिया पर बहस जारी है। उनके ताजा बयान के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।
![]()
Comments are off for this post.