Last updated: November 20th, 2026 at 08:51 am

राजस्थान पंचायत चुनाव की मतगणना के शुरुआती नतीजों ने सियासी तस्वीर बदलनी शुरू कर दी है। राजधानी जयपुर में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी को बड़ा झटका लगता दिखाई दे रहा है। जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव के सामने आए नतीजों में कांग्रेस ने बीजेपी को पीछे छोड़ दिया है। वहीं, असदुद्दीन ओवैसी और हनुमान बेनीवाल के गठबंधन ने भी कई सीटों पर जीत दर्ज कर सबको चौंका दिया है।
जयपुर जिला परिषद की कुल 57 सीटों में से अब तक 7 सीटों के नतीजे घोषित किए गए हैं। इनमें कांग्रेस ने 4 सीटों पर जीत हासिल की है, जबकि बीजेपी के खाते में सिर्फ एक सीट आई है। वहीं, एक सीट पर ओवैसी और हनुमान बेनीवाल के गठबंधन ने कब्जा जमाया है।
जयपुर में कांग्रेस आगे, बीजेपी की बढ़ी मुश्किलें
पंचायत समिति चुनावों की मतगणना में भी कांग्रेस मजबूत स्थिति में नजर आ रही है। अब तक सामने आए आंकड़ों के मुताबिक कांग्रेस ने 47 सीटों पर जीत दर्ज की है, जबकि बीजेपी को 16 सीटें मिली हैं। ओवैसी और हनुमान बेनीवाल के गठबंधन ने भी 16 सीटों पर जीत हासिल की है।
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जयपुर की 9 पंचायत समितियों में बीजेपी अब तक अपना खाता तक नहीं खोल पाई है। इसके अलावा, बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहीं मौजूदा जिला परिषद अध्यक्ष रमा चोपड़ा को भी हार का सामना करना पड़ा है।
CM भजनलाल के गढ़ सांगानेर में बेनीवाल की पार्टी आगे
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के विधानसभा क्षेत्र सांगानेर में भी बीजेपी को बड़ा झटका लगा है। यहां हनुमान बेनीवाल की पार्टी ने सबसे बेहतर प्रदर्शन करते हुए 5 सीटों पर जीत दर्ज की है। बीजेपी को दो सीटों से संतोष करना पड़ा, जबकि कांग्रेस के खाते में एक सीट आई है।
सांगानेर जैसे महत्वपूर्ण विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी का पिछड़ना राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है।
प्रदेशभर में भी कांग्रेस ने बनाई बढ़त
राजस्थान की पंचायत समितियों के शुरुआती रुझानों में भी कांग्रेस बीजेपी से आगे चल रही है। राज्य की 419 पंचायत समितियों में से 201 के रुझान सामने आए हैं। इनमें कांग्रेस 102 पंचायत समितियों में बढ़त बनाए हुए है, जबकि बीजेपी 71 जगहों पर आगे है। निर्दलीय और अन्य उम्मीदवार 28 पंचायत समितियों में बढ़त बनाए हुए हैं।
हालांकि, जिला परिषद चुनावों में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुकाबला लगभग बराबरी का बना हुआ है। शुरुआती आंकड़ों ने राजस्थान की राजनीति में नए समीकरणों के संकेत जरूर दे दिए हैं। अब सभी की नजरें मतगणना के अंतिम नतीजों पर टिकी हैं।
![]()
Comments are off for this post.