Human Live Media

HomeNewsइरफान अंसारी के बयान पर झारखंड में बवाल, BJP ने हेमंत सोरेन से की मंत्री को बर्खास्त करने की मांग

इरफान अंसारी के बयान पर झारखंड में बवाल, BJP ने हेमंत सोरेन से की मंत्री को बर्खास्त करने की मांग

झारखंड की राजनीति में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। उनके
mangal-10-1793986980

झारखंड की राजनीति में स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के एक बयान ने नया विवाद खड़ा कर दिया है। उनके बयान को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से इरफान अंसारी को मंत्रिमंडल से तत्काल हटाने की मांग की है। साथ ही पार्टी ने मंत्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की भी मांग उठाई है।

Table of Contents

    भाजपा ने बयान को बताया भड़काऊ

    भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा ने मंत्री के बयान पर नाराजगी जाहिर करते हुए आरोप लगाया कि इरफान अंसारी भारत की तुलना बांग्लादेश और नेपाल में हुए आंदोलनों से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री के बयान का आशय यह है कि राहुल गांधी युवाओं को आंदोलन करने से रोक रहे हैं, वरना भारत में भी पड़ोसी देशों जैसे हालात बन सकते हैं।

    संदीप वर्मा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि चुनाव में जीत मिलने पर पार्टी चुनाव आयोग को सही मानती है, लेकिन हारने के बाद उसी संस्था पर सवाल उठाने लगती है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान देश में अशांति का माहौल पैदा कर सकते हैं।

    क्या बोले थे स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी?

    दरअसल, डॉ. इरफान अंसारी ने हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बयान देते हुए कहा था कि अगर सरकार ने समय रहते हालात नहीं संभाले और जनता की आवाज तथा अधिकारों को दबाना जारी रखा, तो भारत में भी बांग्लादेश और नेपाल जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।

    मंत्री ने दावा किया था कि देश के 40 लाख युवा और छात्र सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं। हालांकि, राहुल गांधी उन्हें फिलहाल रोककर रखे हुए हैं। उनके मुताबिक, राहुल गांधी के एक इशारे से देश का माहौल बदल सकता है।

    SIR और चुनाव आयोग को लेकर भी साधा था निशाना

    अपने बयान में इरफान अंसारी ने एसआईआर के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार और चुनाव आयोग को घेरा था। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग उठाई थी।

    मंत्री के इस बयान के बाद भाजपा ने उनके खिलाफ राजनीतिक और कानूनी कार्रवाई की मांग तेज कर दी है। अब देखना होगा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इस विवाद पर क्या रुख अपनाते हैं। फिलहाल, इरफान अंसारी के बयान को लेकर झारखंड में सियासी बयानबाजी जारी है।

    Loading

    Comments are off for this post.