Last updated: July 18th, 2026 at 11:50 am

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव को स्वास्थ्य में सुधार के बाद पटना स्थित इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) से छुट्टी दे दी गई है। अब उनके आगे के इलाज के लिए उन्हें दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) ले जाया जाएगा।
राजद सांसद और लालू प्रसाद की बड़ी बेटी मीसा भारती ने बताया कि रक्तचाप में उतार-चढ़ाव की शिकायत के बाद उन्हें IGIMS में भर्ती कराया गया था। अस्पताल में चिकित्सकों ने उनकी विस्तृत जांच की और स्वास्थ्य स्थिर होने के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया।
मीसा भारती के अनुसार, चिकित्सकों की सलाह पर लालू प्रसाद को बेहतर निगरानी और नियमित उपचार के लिए दिल्ली AIIMS ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री पहले भी समय-समय पर विशेष चिकित्सा परामर्श के लिए दिल्ली AIIMS जाते रहे हैं।
मीसा भारती ने यह भी बताया कि फिलहाल लालू प्रसाद की स्थिति सामान्य है और डॉक्टरों ने यात्रा से पहले उन्हें घर पर आराम करने की सलाह दी है।
इस दौरान उन्होंने पटना के कौटिल्य नगर इलाके में सफाई व्यवस्था को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में स्वच्छता से जुड़ी समस्याएं बनी हुई हैं, हालांकि इस मुद्दे को राजनीतिक रूप नहीं दिया जाना चाहिए।
गौरतलब है कि हाल ही में लालू प्रसाद और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी लगभग दो दशक बाद सरकारी आवास छोड़कर पटना के कौटिल्य नगर स्थित अपने निजी आवास में रहने पहुंचे हैं। लालू प्रसाद लंबे समय से कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। वर्ष 2022 में सिंगापुर में उनका सफल किडनी ट्रांसप्लांट भी हुआ था और तब से उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण जारी है।
![]()
Comments are off for this post.