Last updated: November 7th, 2026 at 01:31 pm

दीपावली और छठ पर्व को देखते हुए मधुबनी में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ जांच अभियान तेज कर दिया है। त्योहारों के दौरान मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए शहर की करीब 48 मिठाई दुकानों की जांच की गई। इस दौरान अलग-अलग दुकानों से मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने इकट्ठा किए गए हैं।
दरअसल, त्योहारों के समय मिठाइयों की बिक्री में तेजी आती है। इसी दौरान मिलावटी खाद्य सामग्री बाजार में पहुंचने की आशंका भी बढ़ जाती है। इसे गंभीरता से लेते हुए मधुबनी के सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने खाद्य सुरक्षा विभाग को विशेष जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया था।
निर्देश मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी राम वेंकट रमन स्वामी शर्मा ने टीम के साथ शहर की करीब 48 मिठाई दुकानों से सैंपल लिए। इन सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है।
सिविल सर्जन डॉ. हरेंद्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि जांच रिपोर्ट में जिन दुकानों के खाद्य पदार्थों में मिलावट या गुणवत्ता संबंधी खामियां सामने आएंगी, उनके संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल, जांच रिपोर्ट का इंतजार है। खाद्य सुरक्षा विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान मिलावट पर रोक लगाने और लोगों की सेहत सुरक्षित रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
![]()
Comments are off for this post.